युवक को तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर, मौके पर ही मौत

भास्कर न्यूज | रघुनाथपुर नेशनल हाईवे 43 में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की वजह से सड़क पर पैदल चलकर घर जा रहे युवक की जान चली गई। शुक्रवार देर शाम को रघुनाथपुर चौकी के सामने पैदल चल रहे युवक को तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बटवाही निवासी 35 वर्षीय शंकर नागेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शंकर नागेश रघुनाथपुर बाजार आया हुआ था और बाजार से लौटने के बाद चौकी के पास स्थित किसी जान-पहचान वाले के घर गया था। वहां से वापस अपने गांव लौटने के लिए जैसे ही वह सड़क पार करने लगा, तभी तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो क्रमांक सीजी 15 ईडी 2470 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में जिस बोलेरो से हादसा हुआ, वह सीतापुर थाना क्षेत्र के ललितपुर निवासी सेना के जवान तरसुश खलखो की थी, जो इलाज के लिए अंबिकापुर आए थे और अपने वाहन चालक जुबेल तिर्की के साथ घर लौट रहे थे। लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर भेजवाया। अंधेरे के कारण बार-बार हो रहीं दुर्घटनाएं स्थानीय नागरिकों ने इस दुर्घटना के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। बताया गया है कि नेशनल हाईवे 43 के इस हिस्से में महीनों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। अंधेरे की वजह से यह क्षेत्र पूरी तरह असुरक्षित हो गया है। सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर प्रशासन से शिकायत भी की थी। उन्होंने आग्रह किया था कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू किया जाए ताकि रात के समय सड़क पर चलना सुरक्षित हो सके। लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई और नतीजा यह हुआ कि एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *