गढ़वा|भवनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्कैनी में 25 वर्षीय रिंकू मुसहर पिता स्वर्गीय महंगू मुसहर को शनिवार को सांप ने डस लिया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार रिंकू मुसहर ने ह्वाइट कोबरा सांप (फणिक) को जंगल से पकड़ कर घर लाया था। वह उस सांप के विष के दांत को तोड़कर गांव -देहात एवं बाजार में घूम-घूमकर उसे दिखाकर पैसे कमाना चाहता था। बताया गया कि रिंकू मुसहर ने कोबरा सांप का दांत तोड़ने लगा, इस दौरान सांप ने उसके दायां हाथ में डंस लिया। इसके बाद स्वजनों ने उसे जड़ी-बूटी खिलाया। लेकिन जड़ी-बूटी का स्वाद मीठा लगने लगा। इससे स्वजनों ने यह समझा कि उस पर सांप के विष का असर हो गया है। तब उसे आनन-फानन में लेकर भवनाथपुर सीएचसी में पहुंचे, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


