जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हनोदा गांव के भाठापारा बाजार चौक स्थित प्राचीन दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में नशे की हालत में एक युवक द्वारा मूर्ति पर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में हनुमानजी की मूर्ति को नुकसान पहुंचा है, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। आरोपी युवक भूपेंद्र बंजारे नशे की हालत में मंदिर परिसर पहुंचा। वहां मूर्ति के पास रखी हनुमानजी की गदा को उठाकर उसने हनुमानजी की मूर्ति के मुख पर कई प्रहार किया। बताया जा रहा है कि युवक ने पांच से छह बार वार किया, जिससे मूर्ति का मुख क्षतिग्रस्त हो गया और मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोगों ने देखा तो युवक को पकड़ा
घटना के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों ने युवक को ऐसा करते देख लिया। इसके बाद उन्होंने उसे मौके पर पकड़ लिया। स्थानीय लोगों और हिंदू संगठन ने युवक को थाने पहुंचाया और पुलिस के हवाले किया। पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मंदिर के पूजारी बोले- हमारी आस्था को ठेस पहुंचाया
मंदिर के पुजारी आर्यनाथ योगी ने कहा कि यह मंदिर गांव का प्राचीन दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर है, जो वर्षों से ग्रामीणों की आस्था का केंद्र रहा है। इस कृत्य से हमारे हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। मंदिर में आकर बजरंगबली की गदा को उठाकर उनके मुख पर प्रहार किया है। 5 से 6 बार प्रहार किया है। जिससे मुख पूरा चूरा-चूरा हो गया। मंदिर और मूर्ति पूरी तरह खंडित हो चुकी है। जिससे पूरे हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। जिससे पूरे ग्रामवासी आक्रोशित है। उन्होंने दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने कहा कि बार-बार ये देखा जाता है कि हिंदू धर्म को नुकसान पहुंचाने का काम अभ्रंश मानसिकता के लोगों के द्वारा किया जाता है। जो हिंदू धर्म को नहीं मानते हैं वो लोग करते हैं। बजरंगबली हमारे आराध्य देवे हैं, साक्षात हनुमान देव हैं। उनकी मूर्ति को तोड़ना ये दर्शाता है कि लोग समाज में कैसे लोग हैं। ऐसे लोगों के उपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए इसी बात को लेकर हम थाने आए हैं। गांव वालों द्वारा युवक को पकड़कर सुपुर्द किया गया है। पुलिस के द्वारा तत्परता दिखाते हुए उसके उपर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दर्ज किया अपराध
पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में था और उसने गदा उठाकर मूर्ति पर प्रहार किया, जिससे मूर्ति और गदा को नुकसान पहुंचा है। पुलिस के अनुसार मूर्ति पूरी तरह खंडित नहीं हुई है, लेकिन उसे नुकसान पहुंचा है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


