पन्ना पुलिस ने पवई थाना क्षेत्र के ग्राम कृष्णगढ़ में हुई गोलीबारी के मुख्य आरोपी अफजल उर्फ रानू खान और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात जमीन के बंटवारे को लेकर हुई थी। घटना 15 जनवरी की है। दरअसल, ककरहटी निवासी मोहम्मद रहीस अपनी बहन सबीना अख्तर के घर कृष्णगढ़ गए थे। वहां जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी अफजल उर्फ रानू खान ने मोहम्मद रहीस पर देसी कट्टे से गोली चला दी। बहन के देवर ने युवक पर किया था हमला गोली रहीस के पेट में लगी और शरीर के अंदर ही फंसी रह गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पवई थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार ने एक टीम गठित कर आरोपियों की घेराबंदी की। आरोपियों के पास से एक अवैध देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और अन्य संबंधित सामग्री जब्त की है। कोर्ट में पेश कर आरोपी को भेजा जेल गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें उप जेल पवई भेज दिया गया है। उधर, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मोहम्मद रहीस की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।


