युवक पर फायरिंग, कान के पास से निकली गोली:सुरेश सिंह हत्याकांड के गवाह देवेंद्र सिंह पर लगा आरोप, नशे में धुत था आरोपी

धनबाद के झाड़ूडीह स्थित एक अपार्टमेंट में गुरुवार रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। नशे में धुत एक युवक ने राजेश झा नामक व्यक्ति पर गोली चला दी, जो उनके कान के पास से निकल गई। इस घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अपार्टमेंट के नीचे शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। इसी दौरान उसने अचानक राजेश झा को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली राजेश झा के कान के पास से छूते हुए निकल गई, जिससे वे बाल-बाल बच गए। आरोपी पहली मंजिल पर रहता है राजेश झा की पत्नी कंचन झा ने बताया कि आरोपी देवेंद्र सिंह, जो उसी अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर रहता है, नशे की हालत में उनके पति के पास आया। उसने बंदूक उनके कान के पास सटाकर गोली चला दी। कंचन झा उस समय पीछे खड़ी थीं और वह भी सुरक्षित बच गईं। ड्राइवर के साथ मारपीट कर रहा था आरोपी
घायल राजेश झा ने बताया कि वह खाना खा रहे थे, तभी उन्हें नीचे से हंगामे की आवाज सुनाई दी। जब वह नीचे पहुंचे, तो देखा कि आरोपी उनके ड्राइवर के साथ मारपीट कर रहा था। राजेश झा के विरोध करने पर आरोपी ने उनके कान के पास बंदूक सटाकर गोली चला दी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अपार्टमेंट की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान, आरोपी देवेंद्र सिंह के फ्लैट से जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फायरिंग के कारणों और आरोपी की भूमिका की गहन जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह मामला आपसी विवाद का है या किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *