युवक पर हमला करने वाले 6 गिरफ्तार:छतरपुर में पुराने विवाद में मारपीट की; पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला

युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 10 हजार रुपए के इनामी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया, यह घटना 18 वर्षीय राज पाठक के साथ हुई थी, जिस पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल राज को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर किया गया। हमले में उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई थीं। पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और छह आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मनीष कुशवाहा उर्फ चखना, चंदू उर्फ चिंकुल उर्फ चंद्रप्रकाश, भगवानदास उर्फ हल्के, रामप्रसाद उर्फ भज्जू, पप्पू उर्फ हरदास और उसकी पत्नी शामिल हैं। ये सभी आरोपी वार्ड क्रमांक 38, पठापुर रोड के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं। आरोपी भज्जू पर पहले से मारपीट के तीन मामले, चंदू और चखना पर दो-दो मामले तथा हल्के पर भी पूर्व में मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों का जिला अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया। फिलहाल, अन्य फरार आरोपियों की तलाश और मामले की विवेचना जारी है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि कुछ दिनों पहले एक मैरिज गार्डन में हुए विवाद के बाद आठ लोगों ने युवक के साथ मारपीट की थी। इस मामले में पांच टीमों द्वारा तलाश की गई, जिसमें से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *