मध्यप्रदेश के माचलपुर-घोघडपुर से घर से निकले एक युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों ने नशीले पदार्थ का सेवन किया था, जिसके बाद वे भालता थाना क्षेत्र के नया रामदेवरा मंदिर के पास सड़क किनारे अचेत अवस्था में पाए गए। परिजनों द्वारा झालावाड़ अस्पताल लाए जाने पर युवती को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, युवक ने भी बीती रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों मंगलवार दोपहर बाद अपने घर से निकले थे। गांव के एक युवक ने दोनों को सड़क के नजदीक अचेत देखा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने युवती को उसी शाम मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक की इलाज के दौरान अगली रात मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उन्हें युवक के फोन कॉल से दोनों के बारे में जानकारी मिली थी। भालता पुलिस ने दोनों शवों का झालावाड़ अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। एएसआई दिनेश यादव ने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आएगी। युवक के पिता ने बताया कि वह दोपहर में घर से बकरियां लेकर खेत पर गए थे, जिसके बाद उन्हें केवल सूचना मिली।


