युवक से नशा बेचने का आरोप लगाकर नकाबपोश ने छीने पैसे

भास्कर न्यूज | फाजिल्का मलोट चौक से फिरोजपुर रोड की ओर जाने वाले फ्लाईओवर के नीचे शनिवार रात एक युवक से लूटपाट की घटना सामने आई है। आर्य नगर निवासी निकुल नामक युवक, जो एक पेंट की दुकान पर काम करता है, रात करीब 8:30 बजे घर में अकेला होने के कारण फ्लाईओवर के दूसरी ओर स्थित एक ढाबे से खाना लेने गया था। जब वह खाना लेकर वापस लौट रहा था, तभी मलोट चौक के पास रेलवे लाइनों के पास घात लगाए बैठे लुटेरों ने उसे घेर लिया। पीड़ित निकुल ने बताया कि जैसे ही वह लाइनों के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद सात-आठ नकाबपोश युवकों ने उसे रोक लिया। लुटेरों ने उस पर प्रेगाबलीन के नशीले कैप्सूल बेचने का झूठा आरोप लगाया और इसी बहाने उसकी जेबों और बैग की तलाशी लेना शुरू कर दी। लुटेरों ने डरा-धमका कर उसके पास मौजूद करीब 300 से 400 रुपये लूट लिए। लुटेरों ने उसका चार्जर भी छीन लिया था, लेकिन युवक द्वारा उसे दुकान का सामान बताने पर वापस कर दिया। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपना मोबाइल फोन पेंट के नीचे छिपा लिया, जिससे वह लूटने से बच गया। जब पीड़ित युवक ने लुटेरों से अपने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तो हमलावरों ने तलवारें निकाल लीं और उसे वहां से तुरंत भाग जाने की धमकी दी। युवक ने बताया कि सभी लुटेरों ने अपने चेहरों पर काले कपड़े बांध रखे थे और वे हथियारों से लैस थे। घटना के बाद घबराए युवक ने तुरंत अपने साथी को फोन पर जानकारी दी और अब पुलिस से मांग की है कि इस क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई जाए और लुटेरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *