नरसिंहपुर के स्टेशनगंज थाना क्षेत्र में युवतियों पर अभद्र टिप्पणी करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई बस स्टैंड परिसर में बनाए गए एक आपत्तिजनक वीडियो के सामने आने के बाद की गई। शुक्रवार को स्टेशनगंज बस स्टैंड पर बाइक सवार दो युवकों ने वहां मौजूद युवतियों को लेकर बेहद आपत्तिजनक और भद्दी भाषा का इस्तेमाल करते हुए एक वीडियो बनाया था। रील बनाने के चक्कर में की गई इस हरकत का वीडियो जैसे ही इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट हुआ, लोगों में नाराजगी फैल गई। पुलिस ने पहचान कर दबोचा थाना प्रभारी सौरभ पटेल ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने जल्द ही दोनों बालिग युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवकों ने बताया कि उन्होंने यह वीडियो “मजाक” के तौर पर बनाया था। पुलिस ने इसे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला गंभीर मामला मानते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। माफी मांगी, पुलिस ने दी चेतावनी गिरफ्तारी और पुलिसिया कार्रवाई के बाद दोनों युवकों ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नया वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से अपनी गलती मानी और माफी मांगी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर “मजाक” के नाम पर ऐसी अशोभनीय हरकतें करने वालों पर आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


