भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अंबिकापुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम अमलभिट्ठी के शासकीय हाई स्कूल देवीटिकरा में सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के पांचवें दिन बौद्धिक परिचर्चा कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पांडेय ने युवा नेतृत्व विकास विषय पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। अतिथि वक्ता मंगल पांडेय का स्वागत राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम प्रभारी अमित कुमार बघेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंगल पांडेय ने सहभागी पद्धति के माध्यम से परिचय सत्र को रोचक बनाया। इससे छात्रों में सहज और सक्षम वातावरण बना। मंगल पांडेय ने नेतृत्व, उसके प्रकार, नेतृत्व गुण, प्रभावी नेतृत्व के पहलू, संचार कौशल और उसके विभिन्न माध्यमों पर विस्तार से चर्चा की। भाषण, समूह चर्चा, पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन, केस स्टडी, प्रश्नोत्तरी और ऑडियो-विजुअल शो के जरिए छात्रों को नेतृत्व और संचार कौशल की उपयोगिता समझाई। सहभागी पद्धति से छात्रों ने विषय को आसानी से सीखा। मंगल पांडेय ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का अधिकतम उपयोग व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में करें। राष्ट्रीय सेवा योजना महिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आरती चौबे ने अतिथियों, छात्रों और हाई स्कूल देवीटिकरा प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। व्याख्याता पल्लवी वर्मा ने मंगल पांडेय को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अंबिकापुर के प्राचार्य आर. जे. पांडेय के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी अमित कुमार बघेल, महिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आरती चौबे, व्याख्याता कांता तिर्की और दीपक सोनी की सहभागिता से यह सात दिवसीय शिविर 20 मार्च 2025 से 26 मार्च 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर छात्रों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा। अतिथि को स्मृति चिन्ह देते हुए।


