युवा कांग्रेस का ‘पंचायत चलो अभियान’:नेताओं ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप, कहा-युवाओं को नहीं मिल रही नौकरी

युवा कांग्रेस मध्य प्रदेश के साथ-साथ कटनी जिले में भी ‘पंचायत चलो अभियान’ चला रही है। इसी क्रम में रविवार को बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र की खड़खरी ग्राम पंचायत में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने आगामी चुनावों और सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुटता दिखाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा डिग्री लेकर रोजगार के लिए भटक रहा है, जबकि सरकार केवल झूठे विज्ञापनों में व्यस्त है। इसराइल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने युवाओं के साथ छल किया है। जिलाध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं पर भी बात की। उन्होंने बताया कि सरकार ने 3000 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। गेहूं के दाम नहीं बढ़े, लेकिन कर्ज के बोझ तले दबे किसानों की आत्महत्या के आंकड़े जरूर बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि बहोरीबंद सहित पूरे जिले में किसान कड़ाके की ठंड में खाद के लिए रातें गुजारने को मजबूर हैं। मोहम्मद इसराइल ने महिलाओं से किए गए वादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 3000 रुपये प्रति माह देने का वादा भी खोखला साबित हुआ है। सरकार ने बहनों को केवल चुनावी मोहरा बनाकर छोड़ दिया है। बहोरीबंद युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दीपक यादव ने युवाओं के भविष्य पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिले का पढ़ा-लिखा युवा आज पलायन करने को मजबूर है। यादव ने चेतावनी दी कि युवा कांग्रेस सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी और कटनी जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा को हराकर इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने की शुरुआत यहीं से होगी। ‘पंचायत चलो अभियान’ के तहत युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता चारों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक घर में दस्तक देंगे। वे जनता के सामने सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *