चूरू में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने निगम के डिस्कॉम कार्यालय में स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आदेश की प्रतियां जलाईं और डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आसिफ खान ने बताया कि सरकार द्वारा स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने के बावजूद बिजली विभाग जिले में स्मार्ट मीटर लगा रहा है। उन्होंने इसे सरकारी नियमों के विरुद्ध बताया। आसिफ खान ने सवाल उठाया कि जब सरकार ने स्मार्ट मीटर न लगाने का आदेश दिया है, तो चूरू निगम इस तरह इन्हें क्यों स्थापित कर रहा है। उन्होंने विभाग से समय रहते इस समस्या का समाधान करने की मांग की। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संगठन प्रदर्शन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर मोहसीन खान, नरपत रोलन, हेमन्त सैनी, अनिश खान, आमीन खां, सबीर खां, अमन दाधीच और सुरेन्द्र मेघवाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।


