भास्कर न्यूज | जालंधर ब्रह्मकुमारीज संस्था के सौजन्य से नशा मुक्त युवा अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करना और उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना था। राजयोग शिक्षिकाओं ने बताया कि नशा मन और शरीर दोनों को कमजोर करता है, जबकि राजयोग ध्यान और सात्विक जीवनशैली से वास्तविक शक्ति, शांति और आनंद प्राप्त होता है। कार्यक्रम में युवाओं ने प्रतिज्ञा ली कि वे नशामुक्त समाज बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर विशिष्ट वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। कैंसर सर्जन डॉ. रूपिंदर भार्गव ने बताया कि तंबाकू, शराब और अन्य नशे सीधे तौर पर कैंसर जैसी घातक बीमारियों का कारण बनते हैं। उन्होंने युवाओं को इस छोटी आदत के कारण जीवनभर की पीड़ा को दूर करने के लिए नशे का त्याग करने संदेश दिया। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रोतिमा बजाज ने समझाया कि सच्ची शक्ति और आनंद किसी नशे में नहीं, बल्कि आत्म-अनुशासन और सकारात्मक सोच में है। सरोज मल्होत्रा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “युवा शक्ति ही नशामुक्त भारत की असली नींव है। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं को आश्रम की संचालिका राज योगिनी रेखा दीदी और बीके मीरा दीदी ने सम्मानित किया।


