युवा सही दिशा में सोचे तो देश बदल जाए:सलूंबर में स्वामी विवेकानंद जयंती पर छात्राओं को मिला संदेश, याद दिलाया योगदान

सलूंबर राजकीय जनजाति बालिका आवासीय उच्च माध्यमिक स्कूल में सोमवार राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। यह आयोजन महान संत, विचारक और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय परिसर युवा ऊर्जा और प्रेरणादायक विचारों से गूंज उठा। प्रार्थना सभा में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कनिष्ठ सहायक एवं वरिष्ठ साथी खेमराज भट्ट ने की। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ साथी नरपत सिंह चौहान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में छात्रा संसद अध्यक्ष दुर्गा मीणा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में छात्राओं व स्टाफ साथियों ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और युवाओं के प्रति उनके विचारों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि कैसे विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का रास्ता दिखाया। छात्राओं को उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश दिया गया। स्कूल स्टाफ द्वारा विवेकानंद के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को साझा करते हुए कहा गया कि,“यदि युवा सही दिशा में सोचने लगें, तो देश की तस्वीर बदल सकती है।” इस अवसर पर स्कूल की सपना मेहता, रितु गोयल, प्रभाशकर सरवार, लोगर लाल मीणा, धीमत आमेटा, राजेंद्र प्रसाद प्रजापत, कपिल चौबीसा, यशवंत बुनकर, संजय सोलंकी एवं प्रियंका सेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नरेश चाष्टा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को प्रेरणादायक और अनुशासित ढंग से संचालित किया। स्कूल में आयोजित यह राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम छात्राओं के लिए न केवल एक आयोजन रहा, बल्कि अपने लक्ष्य को पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी बना।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *