भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा यूआईटी ने सोमवार सुबह 11 बजे अतिक्रमण निरोधी दस्ते ने सत्यम कॉम्पलेक्स एवं आरसी व्यास कॉलोनी में पालड़ी रोड पर ग्रीन बेल्ट में बने 51 कियोस्कों को हटाया। यूआईटी सचिव ललित गोयल ने बताया कि इससे पहले तकनीकी अधिकारियों ने कियोस्कों का संयुक्त मौका निरीक्षण किया था। निरीक्षण में पाया गया कि अधिकांश कियोस्क जर्जर, कमजोर और असुरक्षित थे। शहर में कियोस्क करीब 25 साल पहले बनाए गए थे, जबकि इन्हें केवल 10 साल के लिए आवंटित किया गया था, जो अब समाप्त हो चुकी अवधि में हैं। सचिव के निर्देश पर सभी कियोस्क खाली कर हटाने का कार्य किया गया। यह कार्रवाई किसी भी समय संभावित जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए की गई। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के दौरान एक्सईएन रामप्रसाद जाट, एईएन शक्ति सिंह राणावत, खुर्रम अनवार और अरविंद व्यास मौजूद थे।


