बीकानेर से पढ़ाई के लिए रूस गए अजय गोदारा को जबरन सेना में भर्ती करने के बाद अब सेना की मेडिकल टीम के साथ जोड़ दिया गया है। अगले कुछ दिन तक उसे यूक्रेन में सेना के जवानों की मेडिकल टीम में रहना होगा। उधर, अजय के परिजनों की गुहार पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने विदेश मंत्री जयशंकर को पत्र लिखकर अजय की सुरक्षित घर वापसी करवाने की अपील की है। पत्र में मेघवाल ने कहा है कि अजय को गलत जानकारी देकर सेना में भर्ती किया गया है। अब उसे सुरक्षित भारत लाने के लिए अर्जेंट डिप्लोमेटिक चर्चा की जानी चाहिए। मेघवाल ने इस मामले में विदेश मंत्री को व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। एक साल में खत्म होगा वीजा अजय गोदारा का वीजा 28 नवम्बर 2025 तक का है। ऐसे में अगले दो महीने में उसका वीजा ही समाप्त हो जाएगा। घर वालों को चिंता है कि वीजा खत्म होने के वक्त भी अगर वो यूक्रेन ही रहा तो वापसी मुश्किल हो जाएगी। अजय के पिता महावीर प्रसाद गोदारा ने बताया कि आज सुबह ही उसका फोन आया था। वीडियो कॉल पर सभी घर वालों से बातचीत की गई। इस दौरान अजय ने बताया कि उसे अब मेडिकल टीम में शामिल किया गया है, जहां घायल जवानों को इलाज किया जा रहा है। उदास है पूरा परिवार महावीर प्रसाद गोदारा का पूरा परिवार इन दिनों चिंता में है। अजय अभी मेडिकल टीम में है लेकिन कभी भी उसे युद्ध के मैदान में भेजा जा सकता है। अजय के भाई प्रकाश का कहना है कि पूरा परिवार चिंता में है। उसे जल्द से जल्द भारत वापस लाने का प्रयास हाे रहा है। सुमित गोदारा से अपील लूणकरनसर में राज्य के केबिनेट मंत्री सुमित गोदारा से अजय के पिता और अन्य परिजनों ने मुलाकात की है। गोदारा ने भी इस दिशा में राज्य सरकार की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस मामले में परिजन एक दो दिन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात करने का प्रयास कर रहे हैं।


