श्योपुर में यूजीसी (UGC) के नए नियमों के विरोध में शुक्रवार शाम सवर्ण समाज के युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जय स्तंभ पर इकट्ठा हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों के युवाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कानून का पुतला फूंका। देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में श्योपुर के युवाओं ने जय स्तंभ से एक पैदल मार्च निकाला। यह मार्च श्रीराम धर्मशाला और कोतवाली से होते हुए गोलंबर पहुंचा और वापस जय स्तंभ पर आकर खत्म हुआ। इस दौरान युवाओं ने कानून को वापस लेने की मांग को लेकर अपना आक्रोश जताया। कानून को बताया सवर्ण युवाओं के साथ अन्याय प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना है कि यूजीसी का यह नया कानून सवर्ण वर्ग के युवाओं के अधिकारों का हनन है और उनके साथ अन्याय है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस कानून को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा। 1 फरवरी को ‘भारत बंद’ की चेतावनी युवाओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि इस कानून को वापस नहीं लिया गया, तो आगामी 1 फरवरी को घोषित ‘भारत बंद’ को श्योपुर में पूरी तरह सफल बनाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सर्व ब्राह्मण महासभा और सनाढ्य ब्राह्मण महासभा सहित कई अन्य संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।


