यूजीसी नेट की आज होने वाली परीक्षा स्थगित, कल का पेपर तय शेड्यूल के मुताबिक होगा

भास्कर न्यूज| लुधियाना। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 15 जनवरी यानी आज होने वाली यूजीसी नेट परीक्षा को स्थगित कर दि​या है। पोंगल, मकर संक्रांति और अन्य त्योहारों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। 15 जनवरी को जनसंचार और पत्रकारिता, संस्कृत, कानून, महिला अध्ययन सहित कुल 17 विषयों के लिए परीक्षा आयोजित होनी थी। हालांकि, 16 जनवरी यानी कल की परीक्षा पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही आयोजित होगी। एनटीए ने यह निर्णय छात्रों और अन्य हितधारकों की मांग पर लिया। परीक्षा स्थगित करने की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर नोटिस के माध्यम से दे दी गई है। इस नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि 15 जनवरी को आयोजित होने वाली परीक्षा अब नई तारीख में ली जाएगी। हालांकि, नई तारीख का ऐलान अभी नहीं किया गया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नोटिस में कहा है कि हमारे पास कई सिफारिशें आई हैं, जिनमें 15 जनवरी 2025 को पोंगल, मकर संक्रांति और अन्य त्योहारों के कारण परीक्षा स्थगित करने का अनुरोध किया गया। छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए, एजेंसी ने परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया। हालांकि, 16 जनवरी 2025 को होने वाली परीक्षा अपने तय समय पर ही आयोजित की जाएगी। बता दें कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) मास्टर डिग्री या पोस्ट ग्रेजुएशन के छात्रों के लिए आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य छात्रों को जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता और पीएचडी में एडमिशन के लिए योग्य बनाना है। यह परीक्षा कुल 85 विषयों के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में ली जाती है। 15 जनवरी को होने वाली परीक्षा की नई तारीख के बारे में एनटीए ने अभी कोई घोषणा नहीं की है। एजेंसी ने बताया कि परीक्षा की नई तारीख जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। इसके साथ ही, 15 जनवरी की परीक्षा के लिए नए एडमिट कार्ड भी अलग से उपलब्ध कराए जाएंगे। यह परीक्षा दिसंबर 2024 सत्र के लिए आयोजित की जा रही है, जो 3 जनवरी से शुरू हुई थी और 16 जनवरी 2025 तक जारी रहेगी। 15 जनवरी को 17 विषयों की परीक्षा होनी थी, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है। एनटीए ने छात्रों से कहा है कि वे नई तारीख और अन्य अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *