भास्कर न्यूज | जालंधर यूजीसी की ओर से सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता पुरस्कार 2025 के लिए आवेदन मांगे गए है। इसके लिए यूजीसी ने सभी उच्च शैक्षणिक संस्थानों को इसके बारे में पत्र जारी कर इसके लिए अप्लाई करने के लिए कहा है। यूजीसी की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि यह पुरस्कार भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बढ़ावा देने वाले नागरिकों और संस्थाओं को दिया जाता है। यह देश का इस क्षेत्र में सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। पुरस्कार की घोषणा हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस पर होती है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए केंद्र सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल http://awards.gov.in पर पासवर्ड सुरक्षित प्रणाली के तहत आवेदन करना होगा। वहीं रजिस्ट्रेशन में सभी जरूरी जानकारी पोर्टल पर दिए गए प्रारूप के अनुसार भरनी होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 है। नामांकन करने वाले प्राधिकरण को पिछले वर्ष का लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपयोग करना होगा। यदि किसी कारणवश लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध नहीं है, तो sopub@nic.in पर आधिकारिक ईमेल आईडी से संपर्क कर नया लॉगिन प्राप्त किया जा सकता है। यूजीसी ने सभी प्राचार्यों से अपील की है कि वे इस जानकारी को व्यापक रूप से साझा करें और योग्य उम्मीदवारों के नामांकन करें। सभी भारतीय नागरिक, चाहे उनका धर्म, जाति, लिंग, जन्म स्थान, उम्र या पेशा कुछ भी हो, इस पुरस्कार के लिए पात्र हैं। संस्थाएं और संगठन भी नामांकन कर सकते हैं।


