जयपुर पुलिस ने सरना डूंगर इंडस्ट्रीयल एरिया में चल रही नकली घी की फैक्ट्री पकड़ी है। यहां 120 रुपए में नकली घी बनाकर बाजार में 450 रुपए किलो बेचा जा रहा था। रोजाना 16 घंटे में 2 हजार लीटर घी बनाया जाता था। मास्टरमाइंड ने यूट्यूब से देखकर नकली घी बनाने की मशीनें खरीदी थीं । सरगना वीरेंद्र शर्मा की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ कि एक साल से चल रही इस फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में नकली घी बनाकर बाजार में बेचा जा चुका है। पूछताछ में सामने आया कि नकली घी की फैक्ट्री से वीरेंद्र ने करोड़ों की प्रॉपर्टी बना ली। कई वाहन खरीदे। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… डीसीपी (वेस्ट) हनुमान प्रसाद ने बताया- सरना डूंगर के इंडस्ट्रीयल एरिया में पिछले करीब एक साल से नकली घी बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। फैक्ट्री का पता चलने पर पुलिस ने रेड डाली। फैक्ट्री में काम करते मिले चार बदमाशों को अरेस्ट किया। इसके अलावा फरार मास्टर माइंड वीरेंद्र शर्मा को भी पकड़ लिया। बड़ी मात्रा में फैक्ट्री से नकली घी, नामी कम्पनियों के पैकेट व मशीनें मिलीं। पुलिस घी की मार्केटिंग करने वालों और बाजार में सप्लाई करने वालों पर भी कार्रवाई करने का प्लान बना रही हैं। वहीं जो घी बाजार में है, उसे रोकने के लिए काम किया जा रहा है। पुलिस की टीमें मास्टरमाइंड सहित गिरोह के मेंबर के बैंक अकाउंट्स, प्रॉपर्टी के साथ ही ठिकानों पर सर्च कर रही है। मुनाफा बढ़ा तो एक साल पहले लगा ली फैक्ट्री पूछताछ में गिरोह के मास्टर माइंड सहित अन्य मेंबर ने खुलासा किया कि शुरुआत में वो लोग छोटे स्तर पर नकली घी बना रहे थे। खपत बढ़ने पर गिरोह ने एक साल पहले नकली घी बनाने की फैक्ट्री डाल ली। नामी कम्पनियों की पैकिंग में घी की सप्लाई बाजारों में करने लगे। इसके लिए मार्केटिंग टीम भी बना रखी थी। 120 रुपए आती थी लागत, यूट्यूब पर देखकर मंगवाई मशीनें एक लीटर नकली घी 120 रुपए की लागत में तैयार कर लेते। इसके बाद उसे बाजारों में असली बताकर 450 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेच देते थे। खपत बढ़ने पर यू-ट्यूब पर नकली घी बनाने के लिए मशीनों के बारे में जानकारी ली। नकली घी बनाने के लिए बाहर से लाखों रुपए कीमत में मशीनें मंगवाई। एक दिन में 16 घंटे घी बनाने का होता काम डेली 2000 लीटर घी बनाने के लिए 16 घंटे मशीनें चलती थीं। जिस पर 4-6 लोग नियमित रूप से काम किया करते थे। काम करने के लिए एमपी से युवक लाए गए थे। कुछ लोग पैकिंग व सप्लाई का काम करते थे। किसी को भी नकली घी की फैक्ट्री की भनक न लगे, इसलिए सप्लाई के लिए खरीदी गाड़ियां भी फैक्ट्री के अंदर पार्क की जाती थी। बंद शटर के अंदर नकली घी बनाने से लेकर सप्लाई के लिए गाड़ियों में लोड करने का काम किया जाता था। ………………………… ये खबर भी पढ़ें
जयपुर में फैक्ट्री में बन रहा था सरस-अमूल का नकली-घी:4 आरोपी गिरफ्तार; बोले-रोजाना 2 हजार लीटर तैयार कर बाजार में खपाते जयपुर पुलिस ने नकली घी बनाने की एक फैक्ट्री पकड़ी है। 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 7500 किलोग्राम घी जब्त किया है। फैक्ट्री में वनस्पति और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल को गर्म करके उसमें एसेंस मिलाकर घी तैयार किया जा रहा था। (पूरी खबर पढ़ें)


