यूडी टैक्स:दो प्रॉपर्टी सील करने पहुंचा नगर निगम एक ने ‌4.5 लाख रुपए का टैक्स जमा कराया

बार-बार तकाजे के बावजूद यूडी टैक्स जमा नहीं कराने वालों पर कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही। निगम की टीम शाम को दो प्रॉपर्टी सील करने गई। एक ने चेक सौंपा और दूसरे का मैरिज गार्डन सील कर लिया गया। इससे पहले यूडी टैक्स शाखा में दिनभर टैक्स जमा कराने की रेलमपेल रही। उल्लेखनीय है कि शहर की 144 प्रॉपर्टी सीजर के दायरे में है। नगर निगम ने खादी भंडार के पीछे स्थित श्याम सिकंदर रिसोर्ट को सील कर दिया। प्रॉपर्टी पर 7,33,295 का टैक्स बकाया है। इसी तरह टीम रेड क्रॉस सर्किल के पास स्थित एक प्रॉपर्टी पर कार्रवाई के लिए गई। जिसमें भारद्वाज एसोसिएट का ऑफिस संचालित हो रहा है। संचालक ने टैक्स जमा कराने के लिए 4,57,367 लाख रुपए का चेक सौंपा। इस पर कार्रवाई नहीं की गई। एमडीटीसी होटल मैनेजमेंट संस्थान के संचालक पवन सोलंकी ने बताया कि संस्थान अछनेरा रोड स्थित भूतल टॉवर्स की बिल्डिंग में किराए पर संचालित हो रहा है। कानूनन टैक्स जमा कराने की जिम्मेदारी संपत्ति मालिक की है। ऐसे में बिल्डिंग मालिक की ओर से बकाया टैक्स जमा कराने पर शुक्रवार को सील खोल दी गई। दूसरी ओर टैक्स का बिल लेने, दुरुस्त कराने, जमा कराने और आपत्ति करने वालों का निगम में तांता लगा रहा। निगम अधिकारियों के अनुसार करीब 20 लाख रुपए का टैक्स जमा हुआ। टैक्स पेयर्स की सहायता के लिए शनिवार और रविवार को भी यूडी टैक्स शाखा खुलेगी। ब्याज और पैनल्टी पर छूट पूरा बकाया टैक्स चुकाने पर ब्याज और पेनल्टी पर छूट है। इसी तरह 2011-12 से पहले के मूल यूडी टैक्स और गृहकर में 50 फीसदी की अतिरिक्त छूट मिलेगी। छूट का लाभ लेने के लिए करदाता को एक मुश्त भुगतान करना होगा। यह छूट 31 मार्च तक जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *