टोंक के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ यूनानी में प्री-यूनानी डे गतिविधियों के तहत शैक्षणिक और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पावरपॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता से हुई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के प्रस्तुति कौशल, विषय ज्ञान और रचनात्मक सोच को विकसित करना रहा। यूनानी चिकित्सा से जुड़े विषयों पर प्रभावी प्रस्तुतियां पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन सत्र में विद्यार्थियों ने यूनानी चिकित्सा सहित विभिन्न विषयों पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक विश्लेषण और रचनात्मक प्रस्तुति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. मोहम्मद इरशाद खान ने की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों का व्यक्तित्व निखरता है और तैयारी के दौरान विषय ज्ञान भी समृद्ध होता है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। शोध, तर्क और संप्रेषण कौशल पर दिया जोर इस अवसर पर डॉ. मोहम्मद अकमल ने अपने संबोधन में शोधपरक अध्ययन और तार्किक विश्लेषण के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. आसिफ खान ने प्रभावी संप्रेषण और विषय की गहराई से तैयारी को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. मोहम्मद अकमल, डॉ. आसिफ खान और डॉ. कमरुल इस्लाम उस्मानी शामिल रहे। पावरपॉइंट प्रतियोगिता का संचालन डॉ. शहंशाह वली मोअज्जम ने किया। खेल गतिविधियों में भी दिखी जबरदस्त भागीदारी पावरपॉइंट प्रतियोगिता के अलावा प्री-यूनानी डे के तहत खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। बैडमिंटन और स्पून-लेमन रेस में विद्यार्थियों ने उत्साह और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
डॉ. खतीब अहमद, डॉ. कमरुल इस्लाम उस्मानी और डॉ. युसरा ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शारीरिक गतिविधियां मानसिक एकाग्रता, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत बनाती हैं। सकारात्मक माहौल, आगे भी होंगी प्रतियोगिताएं मीडिया प्रभारी एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सरफराज अहमद ने बताया कि पूरे कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में उत्साहपूर्ण और सकारात्मक वातावरण बना रहा। उन्होंने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन सत्र की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा की और भविष्य में भी अकादमिक उत्कृष्टता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी दिनों में आयोजित होने वाली क्रिकेट, बैडमिंटन और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं की घोषणा करते हुए सभी विद्यार्थियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
वहीं डॉ. जीशान ने कहा कि खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करती हैं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम वर्क का भी विकास करती हैं। कार्यक्रम में डॉ. मरगूब अहमद, डॉ. आयशा, डॉ. युसरा, डॉ. सदफ, डॉ. जोहरा जबीं, डॉ. मुनाजिर, डॉ. शादाब, डॉ. अलीम, डॉ. राशीद अली खान, डॉ. दानिश सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


