यूनिवर्सिटी की इनोवा बेकाबू होकर पलटी, एक की मौत:प्रबंधन को बिना जानकारी दिए गाड़ी ले गया था ड्राइवर, तेज रफ्तार में हुआ हादसा

संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी की शासकीय इनोवा कार बनारस रोड पर लटोरी चौकी क्षेत्र में बलसेड़ी के पास तेज रफ्तार में पलट गई। हादसे में इनोवा चालक के एक साथी की मौके पर मौत हो गई, वहीं चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। यूनिवर्सिटी प्रबंधन को बिना जानकारी दिए इनोवा का चालक गाड़ी लेकर गया था। मामला लटोरी चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, संत गहिरा गुरू यूनिवर्सिटी की इनोवा वाहन क्रमांक CG 02-5504 को उसका चालक रविंद्र कुमार बिना प्रबंधन को जानकारी दिए रविवार दोपहर लेकर निकला था। शाम को वह अपने साथी रमेश विश्वकर्मा के साथ बलसेढ़ी पहुंचा था। दोनों वापस अंबिकापुर की ओर लौट रहे थे। तेज रफ्तार में इनोवा वाहन बलसेढ़ी के पास सड़क से नीचे खेत में उतरकर दो बार पलट गई। साथी की मौत, चालक को आई चोटें
हादसे में इनोवा कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में इनोवा सवार रमेश विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ड्राइवर रविन्द्र कुमार भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के दौरान इनोवा वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। चिकित्सकों ने बताया कि चालक रविंद्र कुमार नशे की हालत में था। ड्राइवर ने स्वयं स्वीकार किया कि उसने अपने साथी रमेश विश्वकर्मा के साथ शराब पी थी। यूनिवर्सिटी के कुलसचिव बोले-होगी कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलने पर सोमवार को यूनिवर्सिटी के कुलसचिव एसपी त्रिपाठी ने बताया कि ड्राइवर रविंद्र कुमार बिना प्रबंधन को जानकारी दिए गाड़ी लेकर गया था। उसे गाड़ी जमा कराने का निर्देश दिया गया था। कुलसचिव एसपी त्रिपाठी ने बताया कि प्रकरण की जांच के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी। यह भी जांच होगी कि सुरक्षा गार्डों और संबंधित प्रभारियों की मौजूदगी में बिना अनुमति सरकारी वाहन कैंपस से बाहर कैसे निकली। मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। इधर मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *