यूनिवर्सिटी की परीक्षा में कई छात्रों को मिले शून्य:स्टूडेंट्स ने किया घेराव,BCA में 90 प्रतिशत छात्र फेल,गर्ल्स कॉलेज की 363 छात्राएं अंग्रेजी में अनुत्तीर्ण

संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी के परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने यूनिवर्सिटी परिसर में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कुलपति को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में गलत मूल्यांकन किया गया है, जिससे कई छात्रों को शून्य अंक मिले हैं। गर्ल्स कॉलेज की बात करें तो वहां की 511 छात्राओं में से 363 छात्राएं अंग्रेजी सब्जेक्ट में फेल हो गई हैं। इस पर यूनिवर्सिटी के कुलसचिव ने छात्रों को आश्वासन दिया है कि 10 दिनों के भीतर उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच कराई जाएगी। संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी द्वारा सत्र 2024-25 के परीक्षा परिणाम जारी किए जाने के बाद विभिन्न संकायों से बड़ी संख्या में छात्र रिजल्ट को लेकर नाराज हैं। खासकर BCA संकाय के छात्रों ने सामूहिक रूप से फेल किए जाने का आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि लगभग 90 फीसदी परीक्षार्थियों को एक या दो विषयों में फेल कर दिया गया है। कई परीक्षार्थियों को शून्य अंक दे दिए गए हैं। कुछ को 1 से 4 तक अंक दिए गए हैं। यूनिवर्सिटी का घेराव कर प्रदर्शन
परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को आज़ाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. प्रेम प्रकाश सिंह और कुलसचिव शारदा प्रसाद त्रिपाठी ने प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। छात्रों ने कहा कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को शून्य अंक दिए गए हैं, जो अत्यंत ही संदिग्ध और चिंताजनक है। रचित मिश्रा ने कहा कि यह संभव नहीं है कि नियमित रूप से पढ़ाई करने वाले छात्रों ने उत्तर पुस्तिकाओं में बिल्कुल भी उत्तर नहीं लिखा हो। BA और BCA संकाय में अंकों के वितरण में एक निश्चित पैटर्न में अंक दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीसीए संकाय के लगभग 90% छात्रों को एक या दो विषयों में फेल कर दिया गया है। मिश्रा ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। गर्ल्स कॉलेज की 363 छात्राएं अंग्रेजी में फेल
प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया कि गर्ल्स कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष की 511 छात्राओं में 363 को अंग्रेजी विषय में फेल कर दिया गया है। इन छात्राओं को 5, 10 या 15 अंक तक दिए गए हैं। सभी फेल छात्राओं की कॉपी की दोबारा जांच की मांग रखी गई। प्रदर्शनकारी छात्रों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर यूनिवर्सिटी के कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। दोबारा जांच कराएंगे- कुलसचिव
यूनिवर्सिटी के कुलसचिव शारदा प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि जिन छात्रों को शून्य या न्यूनतम अंक मिले हैं, उनके उत्तर पुस्तिकाओं की जांच विषय विशेषज्ञों से यूनिवर्सिटी ने एक बार खुद कराई है। अधिकांश छात्रों के अंक में ज्यादा परिवर्तन नहीं हुआ है। फिर भी यूनिवर्सिटी एक बाद पुनः कापियों की जांच कराएगा। कुलसचिव ने कहा, इसके बाद भी छात्र संतुष्ट न हों तो वे आरटीआई द्वारा अपने उत्तरपुस्तिकाओं की कॉपी निकलवाकर जांच करवा सकते हैं। 10 दिनों में उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा निष्पक्ष तरीके से जांच के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *