उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री डॉ. रघुराज सिंह ने हनुमानगढ़ में विवादास्पद बयान देते हुए विपक्ष को निशाचरों की औलाद बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल वोट बैंक की राजनीति करता है और बीजेपी को बदनाम करने के लिए निशाचर का रूप धारण किए हुए है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुगलों ने हमारी संस्कृति पर प्रहार किया। मंत्री ने कहा कि मुगलों ने भारत में साढ़े तीन लाख मंदिरों को तोड़कर मस्जिदें बनाईं और हमारी संस्कृति पर प्रहार किया। उन्होंने दावा किया कि विश्व में सनातन ही एकमात्र धर्म है, बाकी सब पंथ हैं। उन्होंने विपक्ष पर धर्म विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग हिंदुओं के खिलाफ तो बोल देते हैं, लेकिन अन्य समुदायों के विरोध में बोलने की हिम्मत नहीं रखते। अन्य समुदाय के खिलाफ बोल कर दिखाएं तो इनके खिलाफ फतबा जारी हो जाएगा। किसान आंदोलन पर बोलते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता और मालिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल किसानों को भटका रहे हैं। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों को दंडवत करते हैं, लेकिन विपक्षी दल केवल विरोध की राजनीति कर रहे हैं। अंत में, उन्होंने योगी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संत-महापुरुषों की सरकार है। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ में चार करोड़ लोगों के स्नान का भी जिक्र किया। डॉ. सिंह अपने पीआरओ चंद्रप्रकाश चामौली के भतीजे के शादी समारोह में शामिल होने गुरुवार को हनुमानगढ़ पहुंचे हैं।


