यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:अखिलेश ने पूछा- योगी की फिल्म में कार पलटी? राजा भैया का बेटा बोला- मां 100 करोड़ मांग रहीं

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर राजा भैया को लेकर है। उनके बेटे ने कहा है कि पापा तो मम्मी के साथ रहना चाहते थे। लेकिन वही 100 करोड़ मांग रही हैं। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- योगी बोले- यूपी में मारीच नहीं घुस पाएगा, एक घुसा तो गोली से शरीर छलनी हुआ सीएम योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब यूपी में मारीच नहीं घुस पाएगा। एक घुसा था तो उसका शरीर गोलियों से छलनी हो गया। महिला सुरक्षा में सेंध लगाने वाले हर अपराधी का वही अंजाम होगा। उन्होंने यह बात एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले शूटरों के अंजाम को लेकर कही। पूरी खबर पढ़ें 2- अखिलेश बोले- योगी की फिल्म में कार पलटी या नहीं, बुलडोजर चला या नहीं? अखिलेश यादव ने सीएम योगी के जीवन पर बनी फिल्म ‘अजेय’ को लेकर तंज कसा। कहा- आपने फिल्म नहीं देखी। देखिए, नहीं तो फ्लॉप हो जाएगी। फिल्म में डायलॉग्स ओरिजिनल हैं या बीप के साथ डायलॉग हैं? फिल्म में मुकदमा वापस लेने वाली बात है या नहीं? बुलडोजर स्टंट है या नहीं? कार पलटने वाला सीन है या नहीं? फिल्म में आपस में लड़ाई का क्लाइमैक्स है या नहीं? पूरी खबर पढ़ें 3- लखनऊ कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा, ‘इंडियन स्टेट से लड़ाई’ बयान पर याचिका कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ लखनऊ कोर्ट ने मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा आलोक वर्मा (एमपी-एमएलए) की कोर्ट ने दर्ज किया। वकील नृपेंद्र पांडेय ने 9 सितंबर को याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने ‘वी आर नाउ फाइटिंग द बीजेपी, द आरएसएस एंड द इंडियन स्टेट इटसेल्फ’ कहा। यह बयान राष्ट्रविरोधी है। पूरी खबर पढ़ें 4- BJP विधायक बोले- चौकी सस्पेंड करवा दूंगा, सीतापुर में दरोगा के बिस्तर पर ठेकेदार को लेटे देखा सीतापुर के सेउता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने पूरी चौकी सस्पेंड करवाने की धमकी दी। एक पीड़ित ने उनसे ठेकेदार को लेकर शिकायत की थी। इसे लेकर वे बहादुरगंज चौकी पहुंचे थे। यहां देखा कि वही ठेकेदार चौकी इंचार्ज के बिस्तर पर लेटा हुआ दिखा। विधायक इस पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि योगी राज में लोगों की नहीं तो क्या सपा सरकार में सुनी जाएगी। पूरी खबर पढ़ें 5- देर से आने पर टोका, मैनेजर को मार डाला, मुजफ्फरनगर में टोल कर्मचारियों ने चाकू घोपा मुजफ्फरनगर में 2 टोल कर्मियों ने मिलकर साथी डिप्टी मैनेजर की हत्या कर दी। टोल मैनेजर ने दोनों को ड्यूटी पर देरी से आने के लिए टोका था। नाराज टोल कर्मचारियों ने पहले टोल मैनेजर और डिप्टी मैनेजर से गाली-गलौज की और फरार हो गए। देर रात दोनों एक अन्य साथी के साथ वापस टोल पर पहुंचे। वहां सो रहे डिप्टी मैनेजर को लाठी-डंडे से पीटा। फिर मेरठ ले जाकर चाकू घोप दिया। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- यूपी में बिना पढ़े 80 हजार में बन रहे डॉक्टर, दलाल बोले- कश्मीर तक के लोग डिग्री ले गए यूपी में पैसे लेकर एक से छह महीने में फर्जी डॉक्टर बनाए जा रहे हैं। दलाल बैक डेट में डिग्री दिलाने का दावा कर रहे हैं। कहते हैं- कश्मीर तक के लोग यहां से डिग्री लेकर मरीजों का इलाज कर रहे हैं। दलालों का ये पूरा कबूलनामा भास्कर के हिडन कैमरे में कैद हुआ। 17 मई, 2025 को यूपी के हापुड़ में मोनाड यूनिवर्सिटी के जरिए बड़े पैमाने पर डिग्रियां बेचने का खुलासा हुआ था। पूरी खबर पढ़ें 7- स्वामी प्रसाद बोले- मुस्लिम औरतें 25 बच्चे पैदा करें, रामभद्राचार्य से क्या मतलब है बलिया में स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा- मैं राम भद्राचार्य को संत नहीं मानता। उनकी भाषा संत जैसी है ही नहीं। मुस्लिम महिला 25 बच्चे पैदा करें, इससे उन्हें क्या लेना देना। अन्य धर्म की महिलाओं को कौन रोक कर रखा है। ये रामभद्राचार्य की पागलपंथी है। उनकी मानसिकता बेकार है। वह एक भी ऐसी महिला को लाकर खड़ा कर दें, जिसके 25 बच्चे हैं। ये तो बिना सिर-पैर की बात करना है। पूरी खबर पढ़ें 8- ट्रक से कुचलकर महिला सिपाही की मौत, गाजियाबाद में स्कूटी से ड्यूटी जा रही थी गाजियाबाद में ट्रक से कुचलकर महिला हेड कॉन्स्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। वह स्कूटी से नोएडा ड्यूटी पर जा रही थी। तेज रफ्तार ट्रक ने महिला सिपाही अनुराधा को पीछे से टक्कर मारी। फिर कुचलते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि कॉन्स्टेबल का शव सड़क पर चिपक गया। ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव को बॉडी बैग में भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पूरी खबर पढ़ें 9- शिवपाल बोले भाजपा सरकार पूरी तरह निकम्मी, आजम खां को झूठे मुकदमों में फंसाया समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने इटावा में कहा कि बीजेपी सरकार पूरी तरह से निकम्मी है। इस सरकार ने जनता पर इतने टैक्स का बोझ डाल दिया है कि आम आदमी त्राहि-त्राहि कर रहा है। 2027 में भाजपा को यूपी से हटाना है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना है। अब जनता बदलाव चाहती है। हम सबको मिलकर वोट चोरी रोकना है, और अपना वोट बढ़ाना है। पूरी खबर पढ़ें 10- लेडी IPS को हटाने के लिए 700 वकील सड़क पर, वाराणसी में कमिश्नर-डीएम ऑफिस घेरा वाराणसी में लेडी IPS नीतू कादयान को हटाने के लिए 700 वकील सड़क पर उतर गए। शनिवार को पुलिस कमिश्नर और डीएम ऑफिस के आवास का घेराव किया। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुलिस फोर्स को ललकारा। इसके चलते पुलिस कमिश्नर और डीएम समेत कई अफसर ऑफिस नहीं पहुंचे। वकीलों का आरोप है कि लेडी ऑफिसर ने बदसलूकी की थी। पूरी खबर पढ़ें 11- बहराइच में भेड़िया मां के सामने बच्चा उठा ले गया, बेटा आंगन में दूध पी रहा था बहराइच में शनिवार सुबह एक भेड़िया 3 साल के बच्चे को मां के सामने से खींच ले गया। घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। जब रक्षा राम का बेटा अंकेश घर के बरामदे में दूध पी रहा था। उसकी मां आंगन में ही बैठी हुई थी। तभी अचानक वहां भेड़िया पहुंच गया और बच्चे को खींचकर ले गया। मां के शोर मचाने पर परिजन दौड़ते हुए पहुंचे। गार हाथ में लाठी-डंडे लेकर भेड़िए की तलाश कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 12- राजा भैया का बेटा बोला- पापा तो साथ रहना चाहते थे, मम्मी 100 करोड़ मांग रहीं राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच चल रहे विवाद में उनके बेटे शिवराज सिंह ने बड़ी बात कही है। बेटे ने कहा- दाऊ (राजा भैया) ने मम्मा (भानवी सिंह) के साथ एक छत के नीचे रहना स्वीकार किया। लेकिन, दोनों में संबंध सामान्य नहीं थे। बाद में मम्मा ने दाऊ को बिना बताए घर छोड़ दिया और दिल्ली के मकान में जाकर रहने लगीं। अब वो 100 करोड़ रुपए मांग रही हैं। पूरी खबर पढ़ें 13- कानपुर में नाबालिग ने बड़े भाई की गर्दन काट दी, फोन कर पिता से बोला- थप्पड़ मारा था कानपुर में थप्पड़ मारने पर नाबालिग भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। किसी बात को लेकर दोनों में पहले विवाद हुआ। बड़े भाई के हाथ में गड़ासा था। इसी बीच बड़े भाई ने छोटे भाई को थप्पड़ मार दिया। गुस्से में छोटे भाई ने उससे गड़ासा छीना और उसी की गर्दन पर मार दिया। बड़ा भाई बचने के लिए भागकर घर से बाहर आया, लेकिन जमीन पर गिर गया। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- पहले आंखों में झोंकी मिर्ची, फिर बरसाए डंडे, रेस्टोरेंट मालिक की सरेआम गुंडई झांसी में रेस्टोरेंट मालिक भाइयों ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर चार युवकों पर हमला कर दिया। पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला, फिर लाठियों से पीटा। घटना का वीडियो सोशल पर जमकर देखा जा रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना नवाबाद थाना क्षेत्र के इलाइट चौराहे की है। पूरी खबर पढ़ें कल कैसा रहेगा मौसम… 15- पूर्वी यूपी में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट 21 सितंबर को देवरिया, बलिया, गोरखपुर में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रयागराज, सोनभद्र के आसपास जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *