यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:प्रियंका गांधी के बर्थडे पर लात-घूसे, छत से कूदी स्कूल मैनेजर, मां-पत्नी की खोपड़ी खा गया

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर हरदोई थाने में पत्नी की गोली मारकर हत्या को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर पंकज चौधरी की अवध क्षेत्र में रोड शो से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- हरदोई थाने में पत्नी की गोली मारकर हत्या की; दरोगा समेत 2 सस्पेंड हरदोई में पति ने थाने में पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पत्नी 5 दिन पहले प्रेमी के साथ भाग गई थी। पुलिस रविवार को प्रेमी के साथ पकड़कर थाने आई थी। सोमवार सुबह वह मेस में खाना खाकर निकल रही थी। पति उस समय पहुंचा। कमर से तमंचा निकाला। पत्नी के दाहिने कंधे में गोली मार दी। बुलेट सीने से पार हो गई। भागने लगा तो पुलिसवालों ने दौड़ाकर पकड़ा। दरोगा सहित 2 सस्पेंड। पूरी खबर पढ़ें 2- लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष का मेगा रोड शो, कहा- कार्यकर्ताओं का जोश हाई लखनऊ पहुंचे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोमवार को अवध क्षेत्र का दौरा शुरू किया। लखनऊ सहित अवध के कई जिलों में गए। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।​ लखनऊ में 7 किमी का रोड शो किया। सड़क के दोनों किनारे हाथ में तख्तियां लेकर खड़े कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाए। वे अयोध्या में रामलला का दर्शन भी करेंगे। चौधरी ने कहा- कार्यकर्ताओं का जोश हाई है। पूरी खबर पढ़ें 3- यूपी में 15 जनवरी को होगा मकर संक्राति का अवकाश, योगी सरकार का आदेश यूपी में योगी सरकार ने मकर संक्रांति के अवकाश में बदलाव किया है। पहले सरकार ने 14 जनवरी 2026 को वैकल्पिक अवकाश घोषित किया था, लेकिन अब इसकी जगह 15 जनवरी गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। पहले जारी अवकाश सूची में 14 जनवरी को केवल वैकल्पिक अवकाश था, यानी कर्मचारी चाहें तो छुट्टी ले सकते थे। सभी सरकारी दफ्तर, स्कूल-कॉलेज और बैंक बंद रहेंगे। पूरी खबर पढ़ें 4- लखनऊ में आग से घिरी स्कूल मैनेजर छत से कूदी-मौत, अमेरिका से आई बेटी बचाई गई लखनऊ में आग से बचने के लिए स्कूल मैनेजर दूसरी मंजिल की छत से कूद गई। चोट लगने से मौत हो गई। पति भी आग में झुलसकर घायल है। बेटी को फायर ब्रिगेड टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला जबकि बेटा भागकर बाहर निकल गया। सोमवार सुबह महिला बुरी नजर से बचाने के लिए इबादत करने उठीं। पहली मंजिल के पीछे वाले कमरे में मोमबत्ती जलाई थी। मोमबत्ती गिरने से आग पकड़ ली। पूरी खबर पढ़ें 5- अवॉर्ड पाने से पहले लिस्ट से नाम कटने पर युवक रोया; योगी बोले- युवा खेल की तरफ बढ़ें लखनऊ में सीएम योगी के कार्यक्रम में अवधेश कुमार नाम का युवक रो पड़ा। उसने बताया- युवा दिवस पर अवॉर्ड के लिए मेरा नाम शामिल था। अचानक मेरा नाम लिस्ट से काट दिया गया। सम्मान पाने के दिन ही मुझे अपमानित कर दिया गया। उसको विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से सम्मानित किया जाना था। उधर,समारोह में सीएम योगी ने कहा- 2047 के विजन की जिम्मेदारी यूथ पर है। 10 को अवार्ड दिया। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- सतुआ बाबा 3 करोड़ की डिफेंडर छोड़ ठेले पर बैठे; सेंट वाले बाबा भी पहुंचे प्रयागराज में संगम की रेती पर चल रहे माघ मेले में सतुआ बाबा ठेले पर बैठकर निकले। जबकि बगल में उनकी 3 करोड़ की डिफेंडर कार चली। इस दौरान लोग जय श्रीराम का नारा लगाते रहे। वहीं, मेले में माता साध्वी ऋतुनंद गिरी 11 दिन की जल साधना कर रही हैं। सेंट वाले बाबा भी मेले में खूब चर्चा में हैं। संगम में रोजाना 10 लाख लोग डुबकी लगा रहे। 14 जनवरी से मेले में लेजर शो शुरू होगा। पूरी खबर पढ़ें 7- कुशीनगर में मां-पत्नी की हत्याकर खोपड़ी का मांस खा गया, ईंट से सिर कूचा कुशीनगर में एक युवक ने पत्नी और मां की हत्या कर दी। पहले दोनों को लाठी-डंडों से पीटा। इसके बाद ईंट से सिर कुचल दिया। हत्या के बाद वह दोनों की खोपड़ी का मांस निकालकर खाने लगा। जब गांव वाले मौके पर पहुंचे तो वह उन पर मांस के टुकड़े फेंकने लगा। काफी देर तक हंगामा करता रहा। पुलिस मौके पर पहुंची, छत पर बैठे युवक को गिरफ्तार कर लिया; शवों को पोस्टमॉर्टम को भेजा। पूरी खबर पढ़ें 8- प्रियंका के जन्मदिन पर बिजनौर में भिड़े कांग्रेसी; जमकर चले लात घूसे बिजनौर में प्रियंका गांधी के बर्थडे पर कहासुनी के बाद कांग्रेसियों में जमकर मारपीट हुई, लात-घूसे चले। केक काटने के बाद फोटो खिंचवाने को लेकर भिड़ गए। सहारनपुर में इमरान मसूद ने भी केट काटे। बोले- सरकार देश में नफरत बांट रही। हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा। आज इंदिरा गांधी होतीं तो बांग्लादेश को वैसा ही जवाब देतीं, जैसा उन्होंने पाकिस्तान को देकर बांग्लादेश का निर्माण कराया था। पूरी खबर पढ़ें 9- सड़क हादसे में उन्नाव के भाजयुमो नेता की मौत, अप्रैल में होनी थी शादी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे उन्नाव के युवा मोर्चा मंडल महामंत्री की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने 7 साथियों के साथ स्कॉर्पियो से लखनऊ आ रहे थे। लखनऊ-उन्नाव बॉर्डर पर सामने से आ रहे ट्रक में स्कॉर्पियो घुस गई। हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य को मामूली चोट आई। भाजयुमो नेता की फरवरी में सगाई और अप्रैल में शादी थी। पूरी खबर पढ़ें 10- प्रेमानंद महाराज के लिए कुमार सानू ने गाया गाना, बोले- पूर्व जन्म के पुण्य का प्रताप है संत प्रेमानंद महाराज से मिलने प्रसिद्ध गायक कुमार सानू वृंदावन के केलीकुंज आश्रम पहुंचे। कुमार सानू ने कहा- महाराज जी आपके दर्शन करने और आशीर्वाद लेने आया हूं। उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के सामने अपना फेमस गाना तुम देना साथ मेरा…भी गाया। प्रेमानंद महाराज ने कहा- सांस अनमोल है, इसलिए भगवान नाम का स्मरण करते रहें। प्रेमानंद जी के शिष्य ने उनका परिचय कराया। पूरी खबर पढ़ें 11- यूपी में भीषण ठंड से 2 की मौत; कल से ठंड से राहत की उम्मीद यूपी में पहाड़ों पर बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही। पारा करीब 3.8°C तक रहा। बर्फीली हवाओं से कांपे लोग। 25 जिले कोहरे की चपेट में रहे। चित्रकूट में ठंड से 2 की मौत हो गई है। छह शहरों में 8वीं तक स्कूल बंद हैं। 50 ट्रेनें लेट रहीं। 10 से ज्यादा फ्लाइटें लेट पहुंचीं। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह और शाम ज्यादा ठंड रहेगी, लेकिन दिन में धूप निकलने से ठंड कुछ कम महसूस होगी। पूरी खबर पढ़ें 12- यूपी के 17 मेडिकल अफसर बर्खास्त, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक की बड़ी कार्रवाई डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सरकारी अस्पतालों में लापरवाही बरतने वाले मेडिकल अफसरों पर बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने 17 मेडिकल अफसरों को बर्खास्त कर दिया है। सभी लंबे समय से ड्यूटी से लगातार गायब थे। मरीजों से अभद्र व्यवहार करने वाले 4 मेडिकल अफसरों पर विभागीय कार्रवाई हुई तो 3 को चेतावनी दी गई जबकि 5 का इंक्रीमेंट रोका है। 2 मेडिकल अफसरों के पेंशन में 10 प्रतिशत कटौती की गई। पढ़ें पूरी खबर 13- अजगर को जबड़े में दबाकर ले गया बाघ, दुधवा टाइगर रिजर्व में जिंदा फड़फड़ाता रहा लखीमपुर खीरी स्थित दुधवा टाइगर रिजर्व में उस समय रोमांचक नजारा देखने को मिला। बाघ ने करीब 7 फीट लंबे अजगर का शिकार कर लिया। पर्यटकों के सामने जिंदा अजगर बाघ के जबड़े में फड़फड़ाता नजर आया। सफारी पर आए पर्यटकों ने इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद कर लिए। सफारी ड्राइवर मोनीष और गाइड राजू ने बताया- पर्यटकों को घुमाते वक्त अचानक बाघ निकल आया था। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- मंदिर में घुसे चोर ने गहने चुराए, फिर जाते हुए माफी मांगी झांसी में बड़ी माता मंदिर में एक चोर चोरी करने घुसा। मंदिर का ताला तोड़ा और फिर देवी के श्रृंगार के कीमती आभूषण समेट लिए। जेवर लेकर जाते समय चोर ने माता के सामने दो बार हाथ जोड़ा और फिर निकल गया। सुबह जब आरती के लिए पुजारी पहुंचे तो जानकारी हुई। सीसीटीवी में चोरी रिकॉर्ड हो गई है। चोर नीले रंग की हुडी और कैप पहने हुए है। कल क्या रहेगा खास… 15-भाजपा का अल्पसंख्यक स्नेह संवाद 13 जनवरी को भाजपा का लखनऊ में अल्पसंख्यक स्नेह संवाद आयोजित है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू इसमें शामिल होंगे। प्रदेश भर से अल्पसंख्यक समाज के लोग इस संवाद के लिए बुलाए गए हैं। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *