यूपी में परिवार के 5 लोग कार में जिंदा जले:पुलिया से टकराई, नीचे गिरते ही आग लगी; बदायूं से दिल्ली जा रहे थे

यूपी के बुलंदशहर में सड़क हादसे में परिवार के 5 लोगों की कार में जलकर मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पुलिया तोड़ते हुए सड़क किनारे 5 फीट नीचे गिर गई। गिरते ही कार में भीषण आग लग गई। कार में बैठे 6 में से 5 लोग जिंदा जल गए। कार सवार केवल एक महिला ही बच पाई। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार का शीशा तोड़कर महिला को बाहर निकाला। तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था, जिससे अन्य लोगों को नहीं बचा पाए। मृतकों में पति-पत्नी और उनका बेटा शामिल हैं। साथ ही पत्नी के भाई और उसकी पत्नी की भी हादसे में मौत हो गई। हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के जानीपुर-चंदौस तिराहे के पास हुआ। परिवार बदायूं के चमनपुरा (थाना सहसवान) का रहने वाला था। सभी सुबह साढ़े तीन बजे स्विफ्ट कार (DL-3CDB-7567) से दिल्ली के लिए निकले थे। 3 तस्वीरें देखिए… दो पति-पत्नी और एक बच्चे की मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में मोमिना (24), उनके पति जुबैर (30), दो साल के बेटे जैनुल, मोमिना के भाई तनवीज (26), उनकी पत्नी निदा (23) की मौत हो गई। मोमिना की बहन गुलनाज उर्फ भुर्रो गंभीर रूप से घायल हैं। गुलनाज को जहांगीराबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया है। बदायूं से शादी समारोह से लौट रहे थे दिल्ली
तनवीज के बहनोई अरशद ने बताया- बदायूं के सहसवान तहसील के चंद्रपुरा गांव में तनवीज का पैतृक घर है। 16 जून को तनवीज के चाचा अलीम का निकाह था। इसी में शामिल होने के लिए पूरा परिवार 15 जून को दिल्ली से बदायूं आया था। बुधवार सुबह साढ़े तीन बजे परिवार स्विफ्ट कार दिल्ली के लिए निकला था। कार जुबैर की थी, जिसे तनवीर चला रहा था। जुबैर कार के अगली सीट पर बैठा था। बाकी सभी महिलाएं कार की पिछली सीटों पर बैठी थीं। ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हुआ हादसा
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया- चांदौक दोराहे के पास कार चालक को झपकी आ गई। इससे कार बेकाबू हो गई और पुलिया तोड़ते हुए सड़क किनारे करीब 5 फीट नीचे गिर गई। गिरते ही कार में भीषण आग लग गई, जिसमें सभी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने कार में लगी आग बुझाई। इसके बाद पुलिस ने क्रेन बुलवाकर कार को बाहर निकलवाया। महिला के आंखों के सामने पूरा परिवार जल गया
इंस्पेक्टर जहांगीराबाद रामफल सिंह ने बताया- गाड़ी पलटते ही आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। एक महिला पीछे की सीट पर बैठी हुई थी। उसे शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। लेकिन जब तक दूसरों को निकालते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। डर के मारे लोग पीछे हट गए। महिला की आंखों के सामने ही उसके परिवार के लोग जिंदा जल गए। वह चीखती रही। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बुधवार को ही जुबैर शेख, पत्नी मोमिन और बेटे जैनुल को गांव के खैरपुर वल्ली के कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक कर दिया गया। वहीं तंजीम अहमद और उनकी पत्नी निदा को गांव हमुपुर चमनपुरा के कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया। पेंटिंग का काम करते थे जीजा-साले
जुबैर के रिश्तेदार इमरान ने बताया- तनवीज और जुबैर दिल्ली में पेंटिंग का काम करते थे। तनवीज 3 भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी डेढ़ साल पहले ही हुई थी। अब तक उसकी कोई संतान नहीं थी। वहीं, जुबैर और मोमिना के दो बच्चे थे। हादसे में बेटे जैनुल की मौत हो गई। अब परिवार में 4 साल की बेटी बची है। ————————- ये खबर भी पढ़ें- मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों समेत 4 की मौत, आगरा में डिवाइडर पर बैठे लोगों पर पलटा मैक्स आगरा में मैक्स गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोग डिवाइडर पर बैठे थे। तीनों की मैक्स के नीचे दबने से मौत हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से तीनों को बाहर निकाला। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *