यूपी में सांप-बिच्छू दिखाकर लूटने वाली 36 महिलाएं पकड़ाईं:अकेली महिलाओं को निशाना बनाती, पलक झपकते ही उड़ा देती चेन

यूपी के गोरखपुर में पुलिस ने सांप, बिच्छू और छिपकली के जरिए चेन स्नैचिंग करने वाले गैंग का खुलासा किया है। गैंग में 36 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। महिलाएं सवारी बनकर ऑटो और बस में चढ़ती थीं। मौका मिलते ही अकेली महिला यात्रियों को निशाना बनाती थीं। अचानक उन पर नकली सांप-छिपकली फेंक देती थीं। डर के मारे महिला जैसे ही चिल्लाती, पलक झपकते ही उसकी चेन पार कर देती थीं। कई बार तो सेफ्टी पिन चुभोकर चेन खींच लेती थीं। पुलिस को लगातार चेन स्नैचिंग की शिकायतें मिल रही थीं। 1 जनवरी को पुलिस ने गैंग के सरगना विष्णु को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ में उसने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। इसके बाद एक-एक कर 36 महिलाओं और 4 पुरुषों को पकड़ा गया। गैंग में जौनपुर, बलिया, सिद्धार्थनगर समेत यूपी के 11 जिलों की महिलाएं शामिल हैं। ज्यादातर महिलाएं साड़ी पहनती थीं। उनकी उम्र 20 से 50 साल के बीच है। सामान्य हुलिया होने की वजह से कोई भी उन पर शक नहीं करता था। गैंग का तरीका सुनकर पुलिस अफसर भी हैरान रह गए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है। तीन तरीकों से करती थीं चेन स्नैचिंग 1. नकली सांप-छिपकली फेंककर लूट: पुलिस के मुताबिक, गिरोह शहर और आसपास के जिलों के धार्मिक और पर्यटक स्थलों पर सक्रिय था। ये लोग भीड़भाड़ वाले इलाकों में ऐसे यात्रियों को निशाना बनाते थे, जो कीमती गहने पहने होते और अकेले सफर कर रहे होते थे। जैसे ही यात्री ऑटो या बस में चढ़ता, आरोपी भी उसी वाहन में सवार हो जाते थे। चारों तरफ से घेरकर बैठते और चलती बस या ऑटो में उस पर नकली छिपकली, बिच्छू या सांप फेंक देते थे। घबराहट के बीच ही उसकी चेन पार कर देते थे। 2. बुजुर्ग महिलाओं को झांसे में लेकर लूट: महिलाएं चार से पांच के समूह में रहती थीं। भीड़भाड़ वाले इलाके में पहले बुजुर्ग महिलाओं को टारगेट करती थीं। उनसे बातों में उलझाकर या गंतव्य तक छोड़ने का झांसा देकर अपनी गाड़ी में बैठा लेती थीं। इसके बाद नकली सांप या छिपकली दिखाकर डर पैदा करती थीं। घबराई महिला से गहने उतरवा लिए जाते थे और मौके से फरार हो जाती थीं। 3. सेफ्टी पिन या नुकीली चीज से ध्यान भटकाना: कई बार महिलाएं ऑटो में सामान्य सवारी बनकर बैठती थीं। बीच रास्ते में सेफ्टी पिन, छोटे चाकू या कैंची जैसी नुकीली चीज चुभा देती थीं। जैसे ही महिला का ध्यान भटकता, उसी पल उसके गले की चेन खींच लेती थीं। कैसे रडार पर आया गैंग महिलाओं की रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ और कैंट थाना के संजय सिंह की सक्रियता से गैंग पकड़ी गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से सेफ्टी पिन, छोटे चाकू, कैंची, प्लास्टिक की रस्सी, नकली सांप-छिपकली और एक कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का तरीका इतना शातिर था कि पीड़ित को समझने का मौका तक नहीं मिलता था। सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। आगे भी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की संभावना है। ————————- ये खबर भी पढ़िए- मंत्री की मीटिंग में BJP विधायक को हार्ट अटैक, मौत: डॉ. श्याम बिहारी ने कल बर्थडे मनाया था बरेली में भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की शुक्रवार को अचानक मौत हो गई। विधायक श्याम बिहारी सर्किट हाउस में थे। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह मीटिंग ले रहे थे। दोपहर करीब सवा 2 बजे अचानक विधायक की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द उठा। वे सीना पकड़कर बैठ गए। पसीना छूटने लगा। यह देख मीटिंग में अफरा-तफरी मच गई। विधायक को उनके सहयोगियों ने तत्काल मेडिसिटी हॉस्पिटल पहुंचाया। लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और करीब 3 बजे मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *