यूपी रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतरी:यात्रियों में चीख-पुकार मची; चालक की सूझबूझ से पलटने से बची बस, बड़ा हादसा टला

दौसा जिले से गुजर रहे जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर सवारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गई। हादसा शनिवार दोपहर सदर थाना क्षेत्र में कांदोली गांव के पास हुआ। एकाएक हुए घटनाक्रम से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जिसमें कई यात्रियों को चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि खाटूश्यामजी से आगरा जा रही उत्तरप्रदेश परिवहन निगम की बस जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे 21 पर स्थित कादोली गांव में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में उतर गई। गनीमत रही कि चालक द्वारा बस को कंट्रोल करने से बस पलटने से बच गई। बस में करीब 40 से ज्यादा सवारियां थी। घायल हुए आधा दर्जन यात्रियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हाईवे किनारे हुए हादसे को देखकर वहां से गुजरने वाले लोगों की भीड़ जुट गई। इससे हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने टोल कंपनी की क्रेन मंगवाकर बस को खाई से बाहर निकाला। जिसके बाद उसमें सवार यात्रियों को दूसरी बसों से आगे के लिए रवाना किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *