4 दिसंबर को चियांकी स्थित बाबा ढाबा होटल के पास एक संदिग्ध पार्सल वैन से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस ने इस मामले में समस्तीपुर, बिहार के रहने वाले 23 वर्षीय रोहित कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बेलोरो पिकअप वैन संदिग्ध अवस्था में खड़ी है। सूचना के सत्यापन के लिए टीम मौके पर पहुंची, जहां पेट्रोल पंप के पास सफेद रंग की यह पार्सल वैन खड़ी पाई गई। आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान रोहित कुमार नामक युवक संदिग्ध हालत में मिला। लोहे के टीन से एक अतिरिक्त बॉक्स बनाया गया था वाहन की शुरुआती तलाशी में वह खाली प्रतीत हुई। हालांकि, गहन जांच करने पर पता चला कि पिकअप वैन की छत पर लोहे के टीन से एक अतिरिक्त बॉक्स बनाया गया था। यह बॉक्स स्क्रू और वेल्डिंग के माध्यम से पूरी तरह से बंद था। इसे खोलने पर उसके अंदर अवैध शराब पाई गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गाड़ी का नंबर प्लेट फर्जी था। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर सदर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। बरामद सामान में फर्जी नंबर प्लेट लगी एक पिकअप वैन शामिल है। इसके अलावा, कुल 38 कार्टून शराब जब्त की गई, जिसमें प्रत्येक बॉक्स में 180 ML की ‘ऑफिसर्स चॉइस’ ब्रांड की 48 पाउच थीं, जिनकी कुल मात्रा 330 लीटर है। अलग से 497 पाउच ‘ऑफिसर्स चॉइस’ ब्रांड की शराब भी मिली, जिसकी मात्रा 90 लीटर है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी लालजी, टीओपी 2 प्रभारी नबी अंसारी और राकेश कुमार शामिल थे। इनके साथ आरक्षी 112 बच्चन राम, सहायक आरक्षी 137 गणेश सिंह और सदर थाना के सशस्त्र बल चालक भी मौजूद थे।


