बूंदी के केशोरायपाटन थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने और मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शाहरुख अली उर्फ बंदर, समीर अली और अनवर उर्फ अन्नू शामिल हैं। घटना 5 नवंबर 2025 की है। वार्ड नंबर 5 निवासी कपिल कुमार सुमन, जो राज राजेश्वर रोड पर श्रीराम ई-मित्र की दुकान चलाते हैं, ने पुलिस में केस दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, दोपहर 12:30 से 1 बजे के बीच तीनों आरोपी उनकी दुकान पर आए और कपिल व उनके मित्र मनीष को बाहर बुलाया। आरोपियों ने दुकान चलाने के बदले 1500 रुपए रंगदारी की मांग की। जब कपिल ने पैसे देने से इनकार किया, तो तीनों ने स्टील की छड़ों से कपिल और मनीष पर हमला कर दिया। मारपीट में मनीष को सिर के पीछे, गर्दन, दाहिने हाथ की कोहनी व अंगूठे और दाहिने पैर की पिंडली पर गंभीर चोटें आईं। शिकायत के आधार पर एफआईआर नंबर 340/2025 दर्ज की गई, जिसमें आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। बूंदी के जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा (IPS) ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद थानाधिकारी हंसराज मीणा के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम गठित की गई। टीम ने गोपनीय सूचना, तकनीकी रिसर्च और मुखबिर तंत्र के आधार पर 26 नवंबर 2025 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


