रंगोली बनाने से मना किया तो टीचर ने गला दबाया:आरोप- बाल पकड़कर झूमाझटकी भी की; हरदा में विरोध के बाद स्कूल ने बर्खास्त किया

हरदा शहर के सनफ्लावर हायर सेकेंडरी स्कूल में एक शिक्षिका द्वारा छात्रा के साथ मारपीट और गला दबाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना शनिवार की बताई जा रही है, जिसके बाद सोमवार शाम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पदाधिकारियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर दोषी शिक्षिका पर सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। यह समिति स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, संबंधित शिक्षकों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने प्रारंभिक स्तर पर संबंधित शिक्षिका को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। रंगोली नहीं बनाने पर बाल पकड़े, झूमाझटकी की
पीड़ित छात्रा, जो कक्षा 11वीं कॉमर्स संकाय की छात्रा है, ने बताया कि स्कूल में गणित प्रदर्शनी की तैयारी चल रही थी। वह करीब दो घंटे तक स्कूल परिसर में रंगोली बना रही थी। सिर दर्द होने के कारण वह क्लासरूम में बैठ गई। इसी दौरान कक्षा दसवीं की शिक्षिका चेतना राजपूत वहां पहुंचीं और उसे दोबारा रंगोली बनाने को कहा। छात्रा का आरोप है कि जब उसने अस्वस्थ होने की बात कहते हुए मना किया, तो शिक्षिका ने उसके बाल पकड़कर झूमाझटकी की। विरोध करने पर शिक्षिका ने उसका गला दबा दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से घबराई छात्रा ने घर जाकर पूरी बात परिजनों को बताई। विरोध हुआ तो शिक्षिका से इस्तीफा लिया
इसके बाद परिजन और एबीवीपी कार्यकर्ता सोमवार शाम एसडीएम कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। एसडीएम द्वारा मामले को गंभीर मानते हुए जांच के निर्देश दिए गए। विद्यालय समिति के अध्यक्ष रविशंकर अग्रवाल ने बताया कि घटना शनिवार दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हुई थी। विवाद सामने आने के बाद शिक्षिका चेतना राजपूत से तत्काल इस्तीफा ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन छात्राओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *