बांसवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र के पिपलोद गांव में सोमवार देर रात दबंगों ने एक दुकानदार को किडनैप कर लिया। उसके साथ जमकर मारपीट की गई। अस्पताल में इलाज के दौरान दुकानदार की मौत हो गई। हमला रंजिश में किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले के पीपलोद गांव निवासी दुकानदार रकमा (50) पुत्र देवा के परिजन ने बताया- पीपलवा के कुछ लोगों से काफी समय से विवाद चल रहा था। 14 फरवरी को भी मारपीट हुई थी। सोमवार देर रात रकमा अपनी दुकान में बैठा था। तभी पीपलवा से कुछ लोग आए और उसे जबरन उठाकर पीपलवा गांव ले गए। जहां रकमा के साथ मारपीट कर उसे नदी में फेंक दिया। कुछ लोगों ने उसे देखा तो नदी से निकालकर एमजी अस्पताल बांसवाड़ा ले गए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर परिजन हॉस्पिटल पहुंचे। कोतवाली थाने से जाप्ता भी पहुंचा। पुलिस ने मुआयना किया और शव को मॉर्च्युरी में शिफ्ट कराया। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। डीएसपी गोपीचंद मीणा ने बताया- हमने उसकी बॉडी देखी तो पीठ पर मारपीट के निशान मिले। परिजन ने गबू नाम के युवक पर किडनैप का आरोप लगाया है। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।


