लुधियाना| प्रताप नगर इलाके में पड़ोसियों के घर धुआं जाने को लेकर हुए विवाद में एक दंपती और उनकी बेटी के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। ये वारदात 13 जनवरी की रात को हुई। शिकायतकर्ता दविंदर सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी और बेटी घर की छत पर आग जलाकर ताप रही थीं। इसी दौरान पड़ोसियों के घर में लोहड़ी का कार्यक्रम चल रहा था। आग से उठा धुआं जब पड़ोसियों के घर की ओर गया, तो इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि धुआं जाने से नाराज पड़ोसियों ने पहले उनकी बेटी के साथ गाली-गलौच की और फिर उनके घर पर आ गए। जब उनकी पत्नी बेटी को बचाने पहुंची, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने तीनों पति, पत्नी और बेटी के साथ मारपीट की। किसी तरह खुद का बचाव करते हुए घायल दंपती और उनकी बेटी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने थाना डिवीजन-6 की पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी मनिंदर सिंह, अमृतपाल सिंह, इकबाल सिंह, अमरजीत सिंह, सुरिंदर कौर और सुरजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हरभजन सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


