रईसजादों ने NH किया जाम…FIR के बजाय जुर्माना:6 युवकों का लाइसेंस सस्पेंड,लेकिन नाम नहीं बताए; बीच सड़क कारें खड़ी कर वीडियो शूट करवाया था

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कुछ रसूखदार लड़कों ने बीच सड़क लग्जरी कारें खड़ी कर नेशनल हाईवे-130 को जाम कर दिया। ड्रोन से वीडियो शूट कर नई कार खरीदने का जश्न मनाया। जिससे लोग परेशान होते रहे। रईसजादों पर FIR के बजाय सिर्फ जुर्माने की कार्रवाई की गई है। मामला बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे का है। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने 6 युवकों से 12 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया है। साथ ही उनका ड्राइविंग लाइसेंस भी सस्पेंड करने का दावा किया है। लेकिन, पुलिस ने लड़कों का नाम नहीं बताया। पहले ये तस्वीरें देखिए- अब जानिए किन लड़कों पर हुई कार्रवाई दैनिक भास्कर ने इन लड़कों की जानकारी और उनकी चालान की कापी जुटाई है। जिसके मुताबिक रसूखदारों में वेदांश शर्मा, सिद्धार्थ शर्मा, यशवंत, दुर्गेश ठाकुर, विपिन वर्मा, अभिनव पांडेय शामिल है। पुलिस ने न नाम बताए, न गाड़ियों के नंबर एडिशनल एसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे ने बताया कि रतनपुर रोड में एक के बाद एक 6 कार को खतरनाक ढंग से गाड़ी लहराते हुए, कट मारकर गाड़ी चलाते हुए देखा गया। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। एसएसपी रजनेश सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। रतनपुर रोड पर तैनात प्रभारी एएसआई केके मरकाम और स्टाफ ने सभी गाड़ियों को रोक कर 2000-2000 की चालानी कार्रवाई की। लेकिन, एडिशनल एसपी ने इन 6 लड़कों के न तो नाम बताए और न ही जिन गाड़ियों को चालान किया गया है, उनके नंबर बताए। SSP बोले- BNS के तहत होगी कार्रवाई वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई करने के लिए संबंधित थाना प्रभारी और सीएसपी को निर्देशित किया गया है। मोटर व्हीकल एक्ट के साथ ही बीएनएस के तहत कार्रवाई की जाएगी। लेकिन, एएसपी रामगोपाल करियारे ने केवल 6 गाड़ियों पर 2-2 हजार रुपए चालान काटा। और ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने के लिए आरटीओ को प्रतिवेदन भेजने का दावा किया है। NH जाम कर नई लग्जरी कार खरीदने मनाया था जश्न बता दें कि भाजपा नेता के करीबी और कांग्रेस नेता रहे विनय शर्मा के बेटे वेदांश शर्मा ने दो नई लग्जरी और महंगी कार खरीदी। इस दौरान वह अपने दोस्तों के साथ टोयोटा शो रूम गया था। जहां उसने अलग-अलग पोज में वीडियो बनवाया। उसके साथ ब्लैक कलर की गाड़ियों का काफिला था। इसके बाद सभी लड़के जश्न मनाने निकले। तब बीच सड़क लग्जरी कारें खड़ी कर दी, जिससे नेशनल हाईवे जाम कर वीडियो शूट कराया, जिससे लंबा जाम लगा रहा। इसके लिए बाकायदा स्टूडियो से कैमरामैन और ड्रोन भी मंगाया गया था। फिर रील्स बनाकर इंस्टाग्राम में अपलोड किया गया। खुद शेयर किया वीडियो फिर किया डिलीट नई कार खरीदने का जश्न और अपना टशन दिखाने के लिए यह सब किया गया था। यही वजह है कि रील्स बनाकर वीडियो को सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया। वेदांश ने अपनी आईडी से वीडियो शेयर किया था। लेकिन, जब सोशल मीडिया में यह वीडियो वायरल हुआ, तब आईडी ही डिलीट कर दिया गया। लेकिन, अब सोशल मीडिया में यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि सर्च करने पर आईडी नहीं दिख रही। मंत्री का काफिला रोकने पर युवकों को किया था गिरफ्तार बता दें कि तखतपुर में कुछ दिन पहले अपनी समस्या को लेकर कुछ युवकों ने सड़क जाम किया था। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का काफिला रोका गया था। उन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। लेकिन, इस मामले में नेशनल हाईवे जाम करने वालों पर केवल जुर्माने की कार्रवाई की गई है। यातायात नियमों का पालन करने की अपील एएसपी ट्रैफिक करियारे ने कहा कि खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाना, खुद को और सड़क पर चल रहे अन्य व्यक्तियों के जान जोखिम भरा होता है। यातायात पुलिस सभी से निवेदन करती है, कि यातायात नियम का पालन करते हुए सुरक्षित आवाजाही करें, अन्यथा भारी भरकम जुर्माने के साथ-साथ लाइसेंस भी निलंबित किया जाएगा। …………………………….. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… रईसजादों ने हाईवे पर रोकी 8 लग्जरी कारें,NH जाम किया,VIDEO:ड्रोन से वीडियो शूट करवाया, रील्स बनाकर इंस्टा में डाला, परेशान होते रहे लोग बिलासपुर में कुछ रसूखदार और प्रभावशाली लड़कों ने बीच सड़क लग्जरी कारें खड़ी कर दी, जिससे बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा। बाकायदा इसका रील्स बनाकर 2 दिन पहले इंस्टाग्राम में भी अपलोड किया गया था। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *