प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन और प्रदेश सरकार के सफलतम एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर आज भारतीय जनता पार्टी की विशाल रक्तदान शिविर और विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। भाजपा जिला प्रवक्ता गोपाल धाभाई ने बताया कि ज़िला चिकित्सालय प्रतापगढ़ में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन एवं प्रदेश सरकार के 1 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आज भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला अस्पताल में आयोजित रक्त दान शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष गोपाल कुमावत ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से रक्तदान शिविर में उत्साह के साथ भाग लेकर रक्तदान की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान करके कई जिंदगियों को बचाया जा सकता है इसलिए व्यक्ति को अपने जीवन में रक्तदान करना चाहिए। यह स्वयं के स्वास्थ्य के लिए भी काफी फायदेमंद है। राज्य सरकार के सफलता में एक वर्ष पूर्ण होने को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाने का प्रयास किया है। कार्यकर्ता भी राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंच कर लोगों को इससे लाभान्वित करें। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


