छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रक्षाबंधन मनाकर लौट रहे एक परिवार की कार में आग लग गई। देखते ही देखते 30 मिनट में पूरी कार जलकर खाक हो गई। कार में सिकोसा गांव के देवांगन परिवार के छह सदस्य सवार थे। जिन्होंने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। यह घटना शनिवार शाम 7.30 बजे अर्जुन्दा थाना क्षेत्र की है। ग्राम सिकोसा के चंद्रिका देवांगन के घर बेटी-दामाद सहित मेहमान रक्षाबंधन मनाने आए थे। दोपहर को सभी रिश्तेदार अर्जुन्दा गए थे। वापसी में अर्जुन्दा से सिकोसा लौटते वक्त रास्ते में कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। जो कोटगांव आते-आते भभक उठा। 30 मिनट में कार जलकर खाक अचानक लगी आग के बाद कार में सवार सभी छह लोग तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसके बाद आग ने पूरी कार को घेर लिया और आधे घंटे में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। दमकल टीम ने आग पर पाया काबू मौके पर पहुंची अर्जुन्दा पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड को आग बुझाने के लिए सूचित किया। लेकिन तब तक आग ने इतनी तेजी पकड़ ली थी कि गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस के अनुसार, यह कार सिकोसा के चंद्रिका देवांगन के परिवार की है। जिसे उनका बेटा चला रहा था। कार में चंद्रिका की बेटी, दामाद सहित परिवार के अन्य सदस्य सवार थे। जो सुरक्षित हैं। फिलहाल पुलिस कार को रोड से हटाने का प्रयास कर रही है ताकि आवाजाही में कोई दिक्कत न हो।


