लुधियाना| राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने मंगलवार को रखबाग स्थित अत्याधुनिक टेबल टेनिस कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया, जो 1.61 करोड़ की लागत से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत तैयार किया गया है। इस दो मंजिला कॉम्प्लेक्स में ग्राउंड फ्लोर पर 6 और पहली मंजिल पर 12 टेबल लगाए गए हैं। ग्राउंड फ्लोर 3,800 वर्ग फीट और पहली मंजिल 7,000 वर्ग फीट में फैली है। दोनों हॉल पूरी तरह वातानुकूलित हैं ताकि खिलाड़ियों को आरामदायक वातावरण मिल सके। वहीं दर्शकों के लिए विजिटर्स गैलरी में 150 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। सांसद अरोड़ा ने इसे लुधियाना के खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और टेबल टेनिस जैसे ओलिंपिक खेल को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों से इसका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में मेयर इंद्रजीत कौर, एमसी कमिश्नर आदित्य डेचलवाल, एमसी स्टाफ, लुधियाना जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष एचएस चटवाल और उपाध्यक्ष अश्विनी के गोयल मौजूद रहे। इस दौरान अरोड़ा ने खिलाड़ियों को उत्कृष्टता पुरस्कार भी वितरित किए और आयोजकों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।


