रणजीत एवेन्यू ए ब्लॉक में रेहड़ी फड़ी हटाने का विवाद गहराया

भास्कर न्यूज | अमृतसर रणजीत एवेन्यू ए ब्लॉक मार्केट में रेहड़ी-फड़ी हटाने को लेकर विवाद गहरा गया है। सोमवार को ऑल पंजाब रेहड़ी-फड़ी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने एडिश्नल कमिश्नर जय इंदर सिंह से मुलाकात करके अपनी समस्या रखी। प्रतिनिधिमंडल डॉ. इंदर पाल की अगुवाई में पहुंचा और प्रशासन को मांगपत्र सौंपते हुए तुरंत राहत देने की मांग की। डॉ. इंद्रपाल ने कहा कि एस्टेट विभाग के अधिकारियों ने रणजीत एवेन्यू ए-ब्लॉक मार्केट में रेहड़ियां न लगाने के मौखिक निर्देश दिए हैं। इसके चलते 15 दिन से रेहड़ी-फड़ी वाले बेरोजगार बैठे हैं। यह क्षेत्र पहले से वेंडिंग जोन में शामिल है और नियमित रूप से नगर निगम से 1000 रुपए की पर्ची भी कटवाते हैं इसके बावजूद उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की जा रही है, जो पूरी तरह से अनुचित है। उन्होंने अपील की है कि छोटे व्यापारियों के साथ अन्याय न किया जाए और उन्हें बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उजाड़ा न जाए। यूनियन ने स्पष्ट किया कि किसी प्रकार का टकराव नहीं चाहते, बल्कि नियमों के तहत ही काम करना चाहते हैं। यदि यह क्षेत्र वेंडिंग जोन में है और निगम शुल्क भी नियमित रूप से जमा कराया जा रहा है, तो रेहड़ी लगाने पर रोक का कोई औचित्य नहीं बनता। इस मौके पर राज, सरवन, लविश, गंगा राम और साहिब सिंह भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *