रणजीत हनुमान यात्रा में इंदौर पुलिस का दोगुना अलर्ट:पश्चिम क्षेत्र में सीमावर्ती थानों तक ड्रोन उड़ाए, वॉच टावर और 600 जवानों ने रखी सख्त निगरानी

इंदौर के पश्चिम इलाके में निकलने वाली सबसे बड़ी रणजीत हनुमान यात्रा को लेकर इंदौर शहर की पुलिस अलर्ट पर रही। जिन मार्गों से यात्रा निकली, वहां ड्रोन और पुलिस टावर से निगरानी की जा रही थी। इसके साथ ही सीमावर्ती थानों के संवेदनशील इलाकों में भी ड्रोन उड़ाकर अफसर अपनी-अपनी गाड़ियों से पेट्रोलिंग करते नजर आए। सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक यात्रा के दौरान सभी इलाकों में ड्रोन उड़ाए गए। मल्हारगंज, सदर बाजार, छत्रीपुरा, रावजी बाजार और पंढरीनाथ थानों में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के आदेश के बाद ड्रोन से निगरानी की गई। इसके लिए सुबह से ही सभी थानों के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन उड़ाए जाते रहे। इस दौरान पुलिस अफसर अपनी-अपनी गाड़ियों से लगातार पेट्रोलिंग करते रहे। मल्हारगंज के जिंसी, लोहारपट्टी और बड़वाली चौकी क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी की गई। पुलिस संदिग्ध पॉइंट्स पर पहुंचकर खुद चेकिंग करती रही। इस दौरान चार से अधिक लोगों की भीड़ लगाकर खड़े लोगों को हटने की हिदायत दी गई। वहीं घनी बस्ती वाले इलाकों में ड्रोन उड़ाने को लेकर विशेष एहतियात बरती गई। सदर बाजार के अंतर्गत आने वाले भिश्ती मोहल्ला, भोई मोहल्ला सहित अन्य वर्ग विशेष के इलाकों में भी ड्रोन से नजर रखी गई। यहां सड़कों पर स्टाफ को पैदल घूमते हुए देखा गया, साथ ही बाइक और पुलिस वाहन भी निगरानी में लगे रहे। छत्रीपुरा के सिलावटपुरा, मच्छी बाजार और कागदीपुरा में आने-जाने वालों पर पुलिस की टीमें नजर बनाए हुए थीं। यहां ड्रोन की मदद से बिल्डिंगों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर भी नजर रखी गई। वहीं पंढरीनाथ और रावजी बाजार क्षेत्रों में भी पुलिस टीमें अलर्ट मोड पर रहीं। सुरक्षा की दृष्टि से इतने पुलिसकर्मी थे तैनात यात्रा में करीब 600 से अधिक पुलिस जवान और अफसर तैनात किए गए थे। इसके अलावा 15 वॉच टावर और हाईराइज प्लेटफॉर्म तैयार किए गए थे। पुलिस के पास बायनोक्यूलर भी मौजूद थे। सुबह 3 बजे से ही फोर्स की तैनाती कर दी गई थी। वहीं इससे लगभग आधे पुलिसकर्मी और अफसर सीमावर्ती इलाकों से लगे थानों में सड़कों पर ड्रोन और अन्य संसाधनों के साथ गश्त करते रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *