सवाई माधोपुर के पुराने शहर स्थित रामद्वारा इलाके में रणथंभौर टाइगर रिजर्व की सुरक्षा दीवार को लेकर विवाद फिर सामने आया है। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने दीवार का काम रुकवा दिया। लोगों का कहना है कि दीवार बनने से आटीला बालाजी मंदिर का रास्ता बंद हो जाएगा। सूचना पर वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंचे, समझाइश के बाद फिलहाल काम सात दिन के लिए रोक दिया गया है। रामद्वारा इलाके में फिर शुरू हुआ विवाद वन विभाग की ओर से रामद्वारा इलाके के पास स्थित आटीला बालाजी मंदिर क्षेत्र में रणथंभौर टाइगर रिजर्व की सुरक्षा दीवार बनाई जा रही है। इस निर्माण को लेकर स्थानीय लोग पहले से विरोध कर रहे हैं। मंगलवार सुबह जैसे ही दीवार निर्माण का काम शुरू हुआ, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और काम रुकवा दिया। धार्मिक आस्था से जुड़ा रास्ता बंद होने की आशंका स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रस्तावित सुरक्षा दीवार बनने से आटीला बालाजी मंदिर का आना-जाना रास्ता बंद हो जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी होगी और उनकी धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचेगी। इसी कारण लोग दीवार निर्माण का विरोध कर रहे हैं और काम आगे नहीं बढ़ने देने पर अड़े रहे। वन विभाग और पुलिस ने की समझाइश काम रुकने की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और कोतवाली थानाधिकारी मदनलाल मीणा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अडिग रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर दीवार निर्माण नहीं हो सका। एक सप्ताह का अल्टीमेटम, काम अस्थायी रूप से रुका वन विभाग अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को बताया कि यदि उन्हें दीवार निर्माण से आपत्ति है तो वे न्यायालय से स्थगन आदेश लेकर आएं। अन्यथा सात दिन बाद पुलिस जाब्ते के साथ सुरक्षा दीवार का काम शुरू किया जाएगा। फिलहाल आपसी तनाव को देखते हुए सुरक्षा दीवार का काम सात दिनों के लिए रोक दिया गया है।


