चूरू कलेक्टर के निर्देश पर बढ़ती सर्दी को देखते हुए शनिवार को रतनगढ़ एसडीएम मिथिलेश कुमार ने राजकीय जालान अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने और ड्यूटी में लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए। एसडीएम ने अस्पताल के टीकाकरण कक्ष, लैब और विभिन्न वार्डों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डिप्टी कंट्रोलर डॉ. महेंद्र घोड़ेला को विशेष निर्देश दिए कि सर्दी के मौसम में मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना है, इसलिए दवाइयों की कमी न हो। डॉ. घोड़ेला ने बताया कि पिछले माह जिला अस्पताल में लगभग 35 हजार मरीजों का आउटडोर था। दिसंबर में सर्दी, जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इसे देखते हुए आवश्यक दवाइयों का भंडारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम का ध्यान अस्पताल के प्रवेश द्वार और कॉटेज के पीछे फैली गंदगी की ओर भी आकर्षित किया गया। इस पर उन्होंने तुरंत व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बीसीएमओ डॉ. मनीष तिवाड़ी, लैब प्रभारी पवन माटोलिया और नर्सिंग अधीक्षक बाबूलाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


