रतनगढ़ की हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आग:शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा, लाखों का नुकसान; एक माह में दूसरी घटना

रतनगढ़ के रीको क्षेत्र स्थित एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर दमकलें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यह एक महीने के भीतर रीको क्षेत्र में आग लगने की दूसरी घटना है। पुलिस ने बताया कि रीको स्थित माकड़ आर्ट हैंडीक्राफ्ट एंड फर्नीचर में देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। फैक्ट्री बंद होने और कोई कर्मचारी मौजूद नहीं होने के कारण आग तेजी से फैल गई और इसने विकराल रूप ले लिया। पास की फैक्ट्रियों के कर्मचारियों ने आग की लपटें देखकर रीको संघ के अध्यक्ष धन्नाराम सुथार को सूचित किया। धन्नाराम सुथार की सूचना पर दमकलें और फैक्ट्री मालिक मुरलीधर माकड़ मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। आग से लाखों रुपए का फर्नीचर, लकडियां और मशीनें जलकर नष्ट हो गईं। इससे पहले 1 नवंबर को भी रीको स्थित एक अन्य हैंडीक्राफ्ट इंडस्ट्री में आग लगी थी, जिसमें लाखों रुपए का नुकसान हुआ था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *