चूरू के रतनगढ़ शहर में शनिवार को आरयूआईडीपी (RUIDP) ने सीवरेज परियोजना के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसके तहत वार्ड 41 में स्कूली बच्चों द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को एलएंडटी कंपनी के प्रबंधक शोभित श्रीवास्तव, सांवर पारीक और बजरंग पारीक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों ने ‘हर घर को समझाना, सीवरेज कनेक्शन कराना’ और ‘हम सबका एक ही नारा, साफ सुंदर शहर हमारा’ जैसे नारे लगाए। बच्चे हाथों में तख्तियां लिए वार्ड 36, 41 और 42 की गलियों से होते हुए वापस विद्यालय पहुंचे। बच्चों के नारों को सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकले और स्वच्छता संबंधी संदेशों को सुना। इस रैली में विद्यालय के शिक्षक जयसिंह, राहुल स्वामी, मोहन और शिक्षिका इंदु बाला, सीता प्रजापत व सपना ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन आरयूआईडीपी की जन सहभागिता इकाई के प्रवीण सिंह राठौड़ और काजल सांखला ने किया। संस्थान के संचालक धर्मेंद्र सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।


