चूरू के रतनगढ़ में पुलिस ने ऑपरेशन फ्लश आउट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक युवक को नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। रतनगढ़ थाना के एसआई सुभाषचंद्र ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान पड़िहारा कस्बे में पहुंची। वहां एक युवक हाथ में प्लास्टिक का कट्टा लिए खड़ा था। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने युवक को रोककर पूछताछ की। उसने अपना नाम मुमताज अली मणियार बताया और कट्टे में घरेलू सामान होने की बात कही। पुलिस को उसका जवाब संदिग्ध लगा। जब कट्टे की तलाशी ली गई तो उसमें से विभिन्न ब्रांड की 11 हजार 8 सौ नशीली टैबलेट मिलीं। पुलिस ने मुमताज (30) को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। राजलदेसर थानाधिकारी कमलेश कुमार मामले की जांच कर रहे हैं।


