रतलाम के गांव हरथल में शनिवार को उल्टी दस्त के मरीज मिले। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची। उल्टी दस्त के 6 रोगी पाए गए। लोगों ने हैंडपंप का पानी पीने की बात बताई। हैंड पंप चलाकर अधिकारियों ने देखा तो काई युक्त पानी आया। पानी का सैंपल लेकर पीएचई विभाग को जांच के लिए दिया है। सैलाना एसडीएम तरूण जैन ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी अंतर्गत हरथल मे उल्टी दस्त के मरीज की सूचना प्राप्त हुई थी। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर क्षेत्र में डॉ. दीपक मेहता, सेक्टर सुपरवाइजर एमएल डाबी, सीएचओ हरथल राजू हारी व आशा सुपरवाइजर नीता गरवाल एवं आशा कार्यकर्ता की सर्वे टीम भेजी गई। हरथल स्थित हैंडपंप के पानी में काई युक्त पानी की बात सामने आई। तत्काल हैंडपंप के पानी का सैंपल लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को भेजा गया। हैंडपंप में पानी साफ नहीं आने तक पीने के पानी के लिए टैंकर उपलब्ध करवाने के लिए ग्राम पंचायत को निर्देशित किया है। एचडब्लूसी हरथल टीम को क्षेत्र में अगले 7 दिन तक निगरानी कर रिपोर्ट देने के लिए आदेशित किया है।
45 घरों का किया सर्वे
सर्वे टीम द्वारा क्षेत्र के 45 घरों में 291 ग्रामीणों का सर्वे किया गया। सर्वे में कुल 6 उल्टी दस्त के रोगी पाए गए। जिसनें 4 बच्चे हैं व दो बड़े हैं। सभी सामान्य दस्त के रोगी है जिनका उपचार किया जा रहा है। सभी की हालात ठीक है। सैलाना एसडीएम तरुण जैन ने बताया हमारे द्वारा रूटीन जांच की जा रही है। शनिवार को दो लोगों को उल्टी दस्त की जानकारी मिली थी। टीम भेज कर जांच कराई है, जिसमें 6 रोगी पाए गए हैं। हैडपंप को चलाकर देखने पर काई आई है, जिसके पानी का सैंपल लिया है। टीम 7 दिन निगरानी रखेगी।


