रतलाम ड्रग फैक्ट्री केस में रसूखदारों के नाम आए सामने:दिलावर के घर था आना-जाना, भांजे के घर दबिश; ​​​​​​​DIG-SP की मैराथन पूछताछ

: रतलाम के चिकलाना में पकड़ी गई एमडी ड्रग फैक्ट्री मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपियों से पूछताछ में बड़े खुलासे हुए हैं। मुख्य सरगना दिलावर खान से पूछताछ में कुछ ऐसे रसूखदारों के नाम सामने आए हैं, जिनका उसके घर आना-जाना लगा रहता था। पुलिस अब इन कनेक्शन्स की जांच कर रही है। सोमवार को रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल और एसपी अमित कुमार ने आरोपियों से घंटों पूछताछ की। दिलावर, उसकी बेटी, दामाद और बेटे समेत 11 आरोपी 22 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर हैं। जांच के दौरान सोमवार रात पुलिस टीम ने चिकलाना में दिलावर के घर के पास रहने वाले उसके भांजे हसन खान के मकान पर भी दबिश दी। पुलिस ने वहां से एक युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और सीसीटीवी फुटेज चेक किए हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारी इसे अभी ‘पार्ट ऑफ इन्वेस्टिगेशन’ बता रहे हैं। गांव में दिलावर के परिवार के 8 से 10 घर हैं। ब्याज पर रुपए देकर हड़प लेता था जमीन दिलावर खान का गांव में इतना खौफ था कि लोग अब तक चुप थे, लेकिन पुलिस कार्रवाई के बाद खुलकर सामने आ रहे हैं। वह ब्याज पर रुपए देकर लोगों की जमीनें अपने नाम करवा लेता था और वापस नहीं करता था। उसके घर से मिले रजिस्ट्रियों और एग्रीमेंट के दस्तावेजों से तीन बोरे भर गए हैं। सोमवार को पुलिस ने गांव में जनसंवाद कैंप लगाया, जिसमें 8 लोगों ने दिलावर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मंगलवार (20 जनवरी) को कालूखेड़ा थाने में भी कैंप लगाया जाएगा। आज आएंगे आईजी, समीक्षा करेंगे उज्जैन आईजी उमेश जोगा मंगलवार को रतलाम आएंगे और अब तक की जांच को लेकर अधिकारियों से चर्चा करेंगे। एसपी अमित कुमार ने कहा, “हर एक बिंदू पर हमारी जांच जारी है। पूछताछ के आधार पर कुछ अहम सुराग व कुछ लोगों के नाम भी सामने आए है। जिनका इसके घर आना-जाना लगा रहता था। वह लोग किस कारण से इसके घर आते थे, जांच की जा रही है। अगर उन लोगों की संलिप्तता पाई जाती है तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। जो आईडी कार्ड मिले है वह वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में है। वह ओरिजनल है या फैक है इसकी जांच की जा रही है।” 15 जनवरी की रात पकड़ी थी फैक्ट्री पुलिस ने 15 जनवरी की रात चिकलाना में दिलावर के मकान पर छापा मारा था। वहां से करीब 10 किलो 900 ग्राम एमडी ड्रग, रॉ मटेरियल, केमिकल, 12 बोर की दो बंदूकें और 91 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। पुलिस ने दिलावर, उसकी दो पत्नियों, बच्चों और दामाद समेत 16 लोगों को गिरफ्तार किया था। दिलावर की पत्नियां और बहू जेल भेजी जा चुकी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *