रतलाम के ढोढर के पास बुधवार दोपहर एक स्कूल वैन (मैजिक) पलटने से हड़कंप मच गया। वैन में करीब 15 बच्चे सवार थे। गाड़ी पलटते ही बच्चे एक-दूसरे पर जा गिरे और चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में सभी बच्चों को चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए पलटी हुई मैजिक को सीधा किया और घायल बच्चों को ढोढर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। चिकलाना से ढोढर जा रही थी वैन जानकारी के अनुसार, मैजिक वाहन चिकलाना स्थित एक प्राइवेट स्कूल के विद्यार्थियों को लेकर ढोढर की ओर जा रहा था। चिकलाना से कुछ दूर निकलते ही वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे दहशत में थे। उन्होंने कांच फोड़कर और दरवाजे खोलकर बच्चों को रेस्क्यू किया। हादसे में स्कूल की शिक्षिका सरिता बग्गड समेत कई बच्चे घायल हो गए। बताया जा रहा है कि करीब 7 बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को ढोढर के एक निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने पर कुछ बच्चों को जावरा रेफर किया गया है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल छात्रों में जयवर्धन सिंह, अंकिता धाकड़, अभिनव धाकड़, यशस्वी सूर्यवंशी, तेसीम मंसूरी और रेहाना मंसूरी शामिल हैं। पेरेंट्स का फूटा गुस्सा, बच्चों को घर ले गए सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। अपने बच्चों को घायल देख परिजन भड़क गए और उन्होंने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर आक्रोश जताया। जिन बच्चों को मामूली चोटें थीं, उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद परिजन अपने साथ घर ले गए। स्टीयरिंग फेल होने की आशंका हादसा कैसे हुआ, इसका अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मैजिक का स्टीयरिंग फेल होने की वजह से ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। देखे तस्वीरें…


