रतलाम में हिस्ट्रीशीटर गजनी का जुलूस:20 हजार की रंगदारी न देने पर की थी तोड़फोड़; 17 दिन बाद अमृत सागर तालाब से पकड़ाया

सैलाना में किराना व्यापारी से 20 हजार रुपए की रंगदारी मांगने और मारपीट करने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश दिनेश गुर्जर उर्फ ‘गजनी’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रतलाम के अमृत सागर तालाब क्षेत्र से दबोचा और सैलाना लाकर उसका पैदल जुलूस निकाला। बदमाश पिछले 17 दिनों से फरार चल रहा था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने मध्य प्रदेश और राजस्थान के दो दर्जन ठिकानों पर दबिश दी थी। घटना 17 नवंबर की है। गजनी अपने साथी कमलेश जाट के साथ दिलीप मार्ग स्थित एक किराना दुकान पर पहुंचा था। उसने व्यापारी से 20 हजार रुपए की रंगदारी मांगी। पैसे देने से मना करने पर उसने दुकान में तोड़फोड़ की और व्यापारी के साथ मारपीट की। इसके बाद व्यापारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। व्यापारियों ने दी थी बाजार बंद की चेतावनी
इस घटना के बाद से व्यापारी डरे हुए थे। बोहरा समाज और व्यापारी संघ ने पुलिस से बदमाश को जल्द पकड़ने की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो सैलाना नगर बंद किया जाएगा। अमृत सागर तालाब से पकड़ा, साथी फरार
मुखबिर की सूचना पर सैलाना पुलिस ने रतलाम के अमृत सागर तालाब क्षेत्र में घेराबंदी कर गजनी को पकड़ लिया। हालांकि, वारदात में शामिल उसका साथी कमलेश जाट अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बदमाश का शहर में जुलूस निकालकर उसका खौफ खत्म करने का संदेश दिया। हत्या और वसूली के 6 केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि दिनेश गुर्जर उर्फ गजनी एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ सैलाना थाने में हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली जैसे 6 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *